logo
भारतवाणी
bharatavani  
logo
Knowledge through Indian Languages
Bharatavani

Definitional Dictionary of Indian Philosophy Vol.-II

Please click here to read PDF file Definitional Dictionary of Indian Philosophy Vol.-II

कर्मज्ञान मिश्रा भक्ति
वानप्रस्थाश्रयी के लिए अधिकृत भक्ति कर्मज्ञान मिश्रा भक्ति है। यह भक्ति सत्त्व गुण के तारतम्य से तीन प्रकार के भक्तों के भेद से (क) उत्तम भक्ति (ख) मध्यम भक्ति और (ग) प्राकृत भक्ति तीन प्रकार की होती है।
(क) उत्तम भक्ति
किसी भी प्राणी का इन्द्रियों द्वारा ग्रहण होने पर चित्त की द्रवावस्था के कारण उस प्राणी में प्रविष्ट भगवदाकारता के कारण सर्वत्र भगवद् भावनामय हो जाना उत्तम भक्ति है।
(ख) मध्यम भक्ति
ईश्वर प्रभृति में प्रेम आदि से युक्त भक्त के चित्त की किंचित द्रवावस्था मध्यम भक्ति है।
(ग) प्राकृत भक्ति
चित्त की द्रवावस्था से रहित होने पर भगवान् के निमित्त श्रवणादि भागवत धर्म के अनुष्ठान में संलग्न रहना प्राकृत भक्ति है।
(वल्लभ वेदांत दर्शन)

कर्म मिश्रा भक्ति
गृहस्थ के लिए अधिकृत भक्ति कर्म मिश्रा भक्ति है। यह भक्ति सात्त्विकी, राजसी और तामसी भेद से तीन प्रकार की होती है (शा.भ.सू.वृ.पृ. 162)।
(वल्लभ वेदांत दर्शन)

कर्मभेदक
शब्दान्तर, अभ्यास (आवृत्ति), संख्या, गुण, प्रक्रिया और नामधेय ये छः कर्म के भेदक होते हैं, यह बात पूर्वमीमांसा में कही गयी है और यह नियम सर्वमान्य है। इस नियम के अनुसार अन्नमय, प्राणमय, मनोमय और विज्ञानमय से भिन्न आनंदमय परमात्मा है। यह बात अन्नमयादि शब्द से भिन्न आनन्दमय के प्रयोग से सिद्ध है। इसी प्रकार कर्मभेदक अभ्यास के समान ही `को हयेवान्यात् कः प्राण्यात् यदेष आकाश आनंदों न स्यात्, एष हयेवानन्दयाति` इत्यादि विभिन्न स्तुति वाक्यों में अन्नमयादि शब्द की आवृत्ति न कर आनन्द पद की बार-बार आवृत्ति किए जाने से भी अन्नमय आदि से भिन्न आनंदमय है - यह सिद्ध है। संख्यादि कर्मभेदकों के उदाहरण मीमांसा शास्त्र में वर्णित हैं।
(वल्लभ वेदांत दर्शन)

कामकार
विधिवचन से प्रयुक्त न होकर केवल परानुग्रह की दृष्टि से इच्छा मात्र से करना कामकार है। इसके अनुसार `कामेन इच्छामात्रेण कारः करणम्' ऐसी कामकार शब्द की व्युत्पत्ति है अथवा 'कामेन काऐ यस्य स कामकारः' इस व्युत्पत्ति के अनुसार परानुग्रह के लिए इच्छा मात्र से किया गया कर्म कामकार है। जो ब्रह्मविद् है, उसमें ऐसे कर्म से गुण या दोष का संश्लेष नहीं होता है (अ.भा.वृ. 1282)।
(वल्लभ वेदांत दर्शन)

कृतात्यय
कृत के सोमभाव का अत्यय नाश कृतात्यय है। द्युलोक, पर्जन्य, पृथ्वी, पुरुष और योषित् इनका वर्णन विभिन्न आहुतियों के निक्षेपार्थ पंचाग्नि के रूप में छान्दोग्य उपनिषद् में किया गया है। इनमें पर्जन्य रूप द्वितीय अग्नि में सोम भाव को प्राप्त अप् (जल) की आहुति होने पर अप् का सोमभाव नष्ट हो जाता है और वह अप् वृष्टि भाव को प्राप्त कर जाता है। यही कृत का अत्यय है अर्थात् सोम भाव का नाश है। यही अप् क्रमशः योषित् रूप पंचम अग्नि में आहुति रूप में निक्षिप्त होकर गर्भक्रम से पुरुष भाव को धारण कर लेता है (अ.भा. 3/118)।
(वल्लभ वेदांत दर्शन)

कृष्ण
यद्यपि कृष्ण शब्द वासुदेव के अर्थ में सुप्रसिद्ध है, तथापि वल्लभ वेदांत में श्री कृष्ण साक्षात् ब्रह्म हैं। इसीलिए वल्लभ सम्प्रदायानुसार नित्य सत् एवं नित्य आनंद रूप पर ब्रह्म का बोधक है। कृष् धातु में 'ण' के योग से कृष्ण शब्द बना है। इसमें कृष् धातु सत्ता का वाचक है, तथा 'ण' निर्वृत्ति का (आनंद का) वाचक है एवं दोनों का ऐक्य रूप जो पर ब्रह्म है, वही कृष्ण है (त.दी.नि.पृ. 20)।
(वल्लभ वेदांत दर्शन)

केशव
क + ईश + व के योग से केशव पद बनता है। क शब्द का अर्थ ब्रह्मा है, ईश का अर्थ शंकर है तथा व का अर्थ सुख है। पहले केश शब्द में द्वन्द्व समास होकर पुनः व शब्द के साथ अन्य पदार्थ प्रधान बहुव्रीहि समास से केशव शब्द बना है। इसके अनुसार ब्रह्मा और शंकर को भी जिससे सुख प्राप्त होता है, वह केशव है। अर्थात् अन्तर्यामी रूप में ब्रह्मा और शिव को भी सुख प्रदान करने वाले भगवान् श्री कृष्ण ही केशव हैं (भा.सु 11टी.पृ. 216)।
(वल्लभ वेदांत दर्शन)

कैमुतिक न्याय
किमुत-सुष्ठु, तत्संबंधी न्याय कैमुतिक न्याय है। वेदांतों में उपास्य रूप में प्रतिपादित होने से आसन्य (आस्य में हुआ) प्राण भी ब्रह्मातिरिक्त नहीं है। इसीलिए सामगों ने उसे पापवेध से रहित कहा है। इस प्रकार प्राणादि रूप ब्रह्म की विभूति में जब निर्दोषत्व है, तब मूलभूत ब्रह्म की निर्दोषता को क्या कहना है? अर्थात् ब्रह्म की निर्दोषता तो सुष्ठु भांति अर्थात् अनायास सिद्ध है। यही कैमुतिक न्याय है (अ.भा.पृ. 1051)।
(वल्लभ वेदांत दर्शन)

गुणकर्तृत्व
सत्य, शौच, दया और क्षान्ति (क्षमा) ये गुण सृष्टि के हेतु हैं और इन गुणों के अधिष्ठाता ब्रह्मा आदि देव सगुण होकर सृष्टिकर्त्ता कहे जाते हैं। किन्तु ब्रह्म तो शुद्ध ही रूप में जगत् का कर्त्ता है। इस प्रकार ब्रह्मादि का कर्तृव्त गुणकर्तृत्व है।
(वल्लभ वेदांत दर्शन)

गुणातीत प्रपंच
दृश्यमान प्रपंच से भिन्न अलौकिक प्रपंच गुणातीत प्रपंच है। दृश्यमान प्रपंच प्राकृत गुणमय है और गुणातीत प्रपंच उससे भिन्न है तथा साक्षात् भगवत् लीला में उपयोगी होने से अलौकिक प्रपंच रूप है (अ.भा.पृ. 189)।
(वल्लभ वेदांत दर्शन)


logo