logo
भारतवाणी
bharatavani  
logo
Knowledge through Indian Languages
Bharatavani

Definitional Dictionary of Indian Philosophy Vol.-II

Please click here to read PDF file Definitional Dictionary of Indian Philosophy Vol.-II

इज्यज्ञान
ब्रह्म का यजनीय रूप में ज्ञान होना इज्यज्ञान है। ब्रह्म यज्ञ में ब्रह्म ही यजनीय (जिसको उद्देश्य कर यज्ञ किया जाए) देवता है और यजनीय ब्रह्म का ज्ञान उस ब्रह्म यज्ञ का पूर्ववर्ती अंग है। ऐसी स्थिति में ब्रह्म उस यज्ञ का शेषभूत अंग होगा। जिसका ज्ञान जिस यागका पूर्वांग होता है, वह उस भाग का शेष कहा जाता है, यह नियम है। अतः ब्रह्म ब्रह्मयज्ञ का शेष होगा। किन्तु सिद्धांत पक्ष में ब्रह्म किसी का भी शेष (अङ्ग) नहीं है (अ.भा.पृ. 1180)।
(वल्लभ वेदांत दर्शन)

इन्द्रिय
बाह्य एवं आन्तरविषयों से व्यवहार करने के लिए बुद्धि को जिन साधनों (कारणों) की आवश्यकता होती है, वे इन्द्रिय कहलाते हैं। विषय के द्वैविध्य के कारण इन्द्रिय भी द्विविध हैं - आन्तर इन्द्रिय (अर्थात् मन) और बाह्य इन्द्रिय जो ज्ञानेन्द्रिय एवं कर्मेन्द्रिय के नाम से द्विधा विभक्त हैं। ज्ञानेन्द्रिय का व्यापार है - विषयप्रकाशन और कर्मेन्द्रिय का व्यापार है - विषयों का स्वेच्छया चालन। (द्र. ज्ञानेन्द्रिय तथा कर्मेन्द्रिय शब्द)। स्वरूपतः इन्दियाँ भौतिक (भूत द्वारा निर्मित, अर्थात् शारीरिक यन्त्र रूप) नहीं हैं - ये अभौतिक हैं - अहंकार से उत्पन्न होने के कारण आहंकारिक कहलाती हैं। स्थल अंग-विशेष इन्द्रियों के अधिष्ठानमात्र हैं।
(सांख्य-योग दर्शन)

इन्द्रियजय
योगशास्त्र में इन्द्रियों (बाह्य एवं आन्तर) की जय का प्रसंग दो स्थलों में किया गया है - प्रत्याहार के प्रसंग में तथा विभूति के प्रसंग में। दोनों प्रकार की जयों का फल भिन्न है। प्रत्याहार का अभ्यास करने पर जो इन्द्रियजय होती है, वह इन्द्रिय -वश्यता (इन्द्रिय को वश में रखता) है। श्रेष्ठ इन्द्रिय वश्यता वह है जिसमें चित्त की एकाग्रता के कारण इन्द्रियाँ विषयसंपर्क से शून्य हो जाती हैं - विषयाकारा इन्द्रियवृत्ति नहीं होती है। कई प्रकार के गौण इन्द्रियजय भी हैं, जैसे शास्त्र द्वारा विहित विषयमात्र का ग्रहण करना। गौण इन्द्रियजय सदोष हैं क्योंकि इनमें प्रवृत्ति रहती है (द्र. योगसूत्र 2/54 -55)।
इन्द्रियों के पाँच रूपों (ग्रहण, स्वरूप, अस्मिता, अन्वय एवं अर्थतत्त्व) पर संयम करने पर भी इन्द्रियजय होता है (द्र. योगसू. 3/47)। इस जय से मनोजवित्व, विकरणभाव एवं प्रधानजय नाम की तीन सिद्धियाँ प्राप्त होती हैं (इन सिद्धियों का पारिभाषिक नाम 'मधुप्रतीक' है (द्र. योगसू. 3/48)। यहाँ ध्यान देने की बात यह है कि इस इन्द्रियजय में इन्द्रिय का अर्थ महत् तत्त्व एवं अहंकार भी है (द्र. योगवार्त्तिक 3/48)।
(सांख्य-योग दर्शन)

इन्द्रिय-प्रवृत्ति
आन्तर इन्द्रिय तथा बाह्य इन्द्रियों की जो प्रवृत्ति (अपने-अपने विषयों में) होती हैं, वह क्रमशः भी होती है, युगपद् भी (द्र. सांख्यकारिका 30; सांख्यसूत्र 2/32)। तात्पर्य यह है कि ज्ञानेन्द्रिय की वृत्ति में इन्द्रिय के साथ-साथ मन, अहंकार एवं बुद्धि के भी व्यापार होते हैं। उदाहरणार्थ रूप के ज्ञान में चक्षुरूप ज्ञानेन्द्रिय के साथ उपर्युक्त तीन अंतःकरण के संकल्प, अभिमान एवं अध्यवसाय रूप व्यापार भी होते हैं। ये चार कभी-कभी युगपद् होते हैं (जैसा कि व्याघ्रदर्शनमात्र से पलायन करना) और कभी-कभी क्रमशः (जैसा कि मन्द आलोक में किसी पदार्थ को यह समझकर कि यह चोर है, अतः यह हत्या करेगा, यह समझकर पलायन करना)। ज्ञानेन्द्रिय के साथ विषय का साक्षात् योग होता है, अतः दृष्ट विषय में यह द्विविधता होती है, यह माना जाता है। टीकाकारों ने कहा है कि यह युगपद्वृति भी वस्तुतः युगपद् नहीं है, युगपद् की तरह प्रतीत होती है - वृत्तियों का क्रम लक्षित नहीं होता।
स्मृति, चिन्तन आदि अन्तःकरण के व्यापार हैं; ये परोक्ष विषय में प्रवृत्त होते हैं, क्योंकि स्मृति आदि के लिए विषय को विद्यमान (इन्द्रिय संबंध मुक्त) रहना आवश्यक नहीं है। परोक्ष विषय में केवल आन्तर इन्द्रियों की वृत्ति होती है। यह वृत्ति युगपद् भी होती है, क्रमशः भी, यद्यपि यह वृत्ति पूर्वदृष्ट विषय को लेकर ही उठती है।
(सांख्य-योग दर्शन)

इन्द्रियवध
सांख्य शास्त्र में जो चार प्रकार का प्रत्ययसर्ग माना गया है, उसमें अशक्ति नामक सर्ग के साथ इन्द्रियवध का सम्बन्ध है। सांख्य-कारिका (का. 46, 49) में कहा गया है कि यह अशक्ति 28 प्रकार की है जिसमें 11 इन्द्रियवध हैं, और 17 बुद्धिवध हैं। वध वह दोष है जिससे इन्द्रिय -व्यापार की अपटुता होती है। इन्द्रियाँ 11 हैं (5 ज्ञानेन्द्रियाँ, 5 कर्मेन्द्रियाँ तथा 1 मन); अतः वध भी 11 प्रकार का है। पूर्वाचार्यों ने 11 वधों के नाम इस प्रकार दिखाए हैं - वाधिर्य = वधिरता (कर्ण की अशक्ति, शब्द श्रवण में), कुष्ठिता (स्पर्शग्रहण में त्वक् की अशक्ति), अन्धत्व (चक्षु की अशक्ति), जड़ता (रसना की अशक्ति), अजिघ्रता (नासिका की अशक्ति), मूकता (वाक् की अशक्ति), कोण्यता -कुणिता (पाणि की अशक्ति), पंगुत्व (पाद की अशक्ति), उदावर्त (वायु की अशक्ति), क्लैव्य (उपस्थ की अशक्ति), मन्दता या विक्षिप्तता अथवा मुग्धता (मन की अशक्ति)। वस्तुतः ये अशक्तियाँ बुद्धि की हैं; बुद्धि का अध्यवसाय इन इन्द्रियदोषों के कारण कुंठित हो जाता है।
(सांख्य-योग दर्शन)

इष्ट देवता
स्वाध्याय अर्थात् जप से इष्ट देवता का संप्रयोग होता है - ऐसा योगसूत्र (2/44) में कहा गया है। देवता के साथ योग अर्थात् देवता सत्ता की प्रत्यक्ष उपलब्धि होना ही संप्रयोग है। जिस देवता के प्रति एकाग्र होकर मन्त्र जप किया जाता है, वह इष्ट देवता है। मुख्यतया ये इष्ट देवता वे हैं, जो भूतों, तन्मात्रों एवं इन्द्रियों के अभिभावी (भूत आदि को आत्मभाव के अंगरूप से उपासना करने के कारण) कहलाते हैं। ये अभिभावी देव योगसाधक को उच्चतर साधना मार्ग की सूचना भी दे सकते हैं। इन देवों से पृथक् जो प्रजापति हिरण्यगर्भ रूप ब्रह्मांडाधीश हैं, वे भी उच्च साधकों के इष्ट देवता हो सकते हैं और उनसे भी आत्मविद्या का उपदेश प्राप्त होता है। यह उपदेश भाषाश्रित नहीं है। योगसूत्रोक्त अनादिमुक्त ईश्वर भी इष्ट देवता हैं।
(सांख्य-योग दर्शन)


logo