logo
भारतवाणी
bharatavani  
logo
Knowledge through Indian Languages
Bharatavani

Hindu Dharmakosh (Hindi-Hindi)

स्वर वर्ण का द्वादश अक्षर। कामधेनुतन्त्र में इसका तान्त्रिक माहात्म्य निम्न प्रकार है :
ऐकारं परमं दिव्यं महाकुण्डलिनी स्वयम्। कोटिचन्द्र प्रतीकाशं पञ्च प्राणमयं सदा।। ब्रह्मविष्णुमयं वर्णं तथा रुद्रमयं प्रिये। सदाशिवमयं वर्णं बिन्दुत्रय समन्वितम्।। तन्त्रशास्त्र में इसके निम्नांकित नाम पाये जाते हैं :, ऐर्लज्जा भौतिकः कान्ता वायवी मोहिनी विभुः। दक्षा दामोदरः प्रज्ञोऽधरो विकृतमुख्यपि।। क्षमात्मको जगद्योनिः परः परनिबोधकृत्। ज्ञानामृता कपिर्दश्रीः पीठेशोऽग्निः समातृकः।। त्रिपुरा लोहिता राज्ञी वाग्भवो भौतिकासनः। महेश्वरो द्वादशी च विमलश्च सरस्वती।। कामकोटो वामजानुरंशुमान् विजयो जटा।।

ऐक्य
वीरशैव भक्ति या साधना के मार्ग की छः अवस्थाएँ शिव के ऐक्य की ओर ले जाती हैं। वे हैं भक्ति, महेश, प्रसाद, प्राणलिङ्ग, शरण एवं ऐक्य। ऐक्य भक्ति की चरम परिणति है, जिसमें शिव और भक्त का भेद मिट जाता है।

ऐङ
देवी का एक बीजमन्त्र। रहस्यमय शाक्त मन्त्रों में अधिकांश गूढ़ार्थक ध्वनिसमूह हैं, यथा ह्रीङ्, ह्रूङ्, हुम्, फट्। 'ऐङ्' भी शाक्त मन्त्र की एक ध्वनि है। इस ध्वनि के जप से अद्भुत शक्ति का उदय माना जाता है।

ऐतरेय आरण्यक
आरण्यक शब्द की व्याख्या पूर्ववर्ती पृष्ठों में हो चुकी है। ऐतरेय आरण्यक ऋग्वेद के ऐसे ही दो ग्रन्थों में से एक है। इसके पाँच अध्याय हैं, दूसरे और तीसरे में वेदान्त का प्रतिपादन है अतः वे स्वतन्त्र उपनिषद् माने जाते हैं। इन दो अध्यायों का संकलन महीदास ऐतरेय ने किया था। प्रथम के संकलक का पता नहीं, चौथे-पाँचवें का संकलन शौनक के शिष्य आश्वलायन ने किया। दे० 'आरण्यक'।

ऐतरेय ब्राह्मण
ऋक् साहित्य में दो ब्राह्मण ग्रन्थ हैं। पहले का नाम ऐतरेय ब्राह्मण तथा दूसरे का शाङ्खायन अथवा कौषीतकि ब्राह्मण है। दोनों ग्रन्थों का अत्यन्त घनिष्ठ सम्बन्ध है, यत्र-तत्र एक ही विषय की व्याख्या की गयी है, किन्तु एक ब्राह्मण में दूसरे ब्राह्मण से विपरीत अर्थ प्रकट किया गया है। कौषीतकि ब्राह्मण में जिस अच्छे ढंग से विषयों की व्याख्या की गयी है उस ढंग से ऐतरेय ब्राह्मण में नहीं है। ऐतरेय ब्राह्मण के पिछले दस अध्यायों में जिन विषयों की व्याख्या की गयी है वे कौषीतकि में नहीं है, किन्तु इस अभाव को शाङ्खायनसूत्रों में पूरा किया गया है। आजकल जो ऐतरेय ब्राह्मण उपलब्ध है उसमें कुल चालीस अध्याय हैं। ऐतरेय ब्राह्मण के अन्तिम दस अध्याय ऐतिहासिक आख्यानों से भरे हैं। इसमें बहुत से भौगोलिक विवरण भी मिलते हैं। इन ब्राह्मणों में 'आख्यान' हैं, 'गाथाएँ' हैं, 'अभियज्ञ गाथाएँ' भी हैं जिनमें बताया गया है कि किस मन्त्र का किस अवसर पर किस प्रकार आविर्भाव हुआ है।
ऐतरेय ब्राह्मण के रचयिता महीदास ऐतरेय माने जाते हैं। ये इतरा नामक दासी से उत्पन्न हुए थे, इसलिए इनका नाम ऐतरेय पड़ा। इसका रचनाकाल बहुत प्राचीन है। इसमें जनमेजय का उल्लेख है, अतः इसको कुछ विद्वान् परवर्ती मानते हैं, किन्तु यह कहना कठिन है कि यह जनमेजय महाभारत का परवर्ती है अथवा अन्य कोई पूर्ववर्ती राजा।
ऐतरेय ब्राह्मण पर गोविन्द स्वामी तथा सायण के महत्त्वपूर्ण भाष्य हैं। सायणभाष्य के आजकल चार संस्करण उपलब्ध हैं। आधुनिक युग में इसका पहला संस्करण अंग्रेजी अनुवाद के साथ मार्टिन हाग ने 1863 ई० में प्रकाशित किया था। दूसरा संस्करण थियोडोर आडफरेस्टन ने 1879 ई० में प्रकाशित किया। पण्डित काशीनाथ शास्त्री ने 1896 में इसका तीसरा संस्करण निकाला और चौथा संस्करण ए० वी० कीथ द्वारा प्रकाशित किया गया।

ऐतरेयोपनिषद्
एक ऋग्वेदीय उपनिषद्। ऋग्वेद के ऐतरेय आरण्यक में पाँच अध्याय और सात खण्ड हैं। इनमें से चौथे, पाँचवें तथा छठे खण्डों का संयुक्त नाम ऐतरेयोपनिषद् है। इन तीनों में क्रमशः जगत्, जीव तथा ब्रह्म का निरूपण किया गया है। इसकी गणना प्राचीन उपनिषदों में की जाती है।

ऐतरेयोपनिषद्दीपिका
माधवाचार्य अथवा विद्यारण्यस्वामी द्वारा रचित ऐतरेयोपनिषद् की शाङ्करभाष्यानुसारिणी टीका।

ऐतिह्यतत्त्वसिद्धान्त
स्वामी निम्बार्काचार्य द्वारा रचित माना गया एक ग्रन्थ। इसका उल्लेख अन्य ग्रन्थों में पाया जाता है। उक्त आचार्य के किसी पश्चाद्भावी अनुयायी द्वारा इसका निर्माण सम्भव है। (इसकी एक ताड़पत्रित प्रतिलिपि 'ऐतियतत्त्वराद्धान्त' नाम से 'निम्बार्कपीठ, प्रयाग' के जगद्गुरुपुस्तकालय में सुरक्षित है।)

ऐन्द्रमहाभिषेक
ऐतरेय ब्राह्मण में दो विभिन्न राजकीय यज्ञों का विवरण प्राप्त होता है। वे हैं -- पुनरभिषेक (8.5.11) एवं ऐन्द्रमहाभिषेक (8.12-20)। प्रथम कृत्य का राज्यारोहण से सम्बन्ध नहीं है। यह कदाचित् राजसूय यज्ञ से सम्बन्धित है। ऐन्द्रमहाभिषेक का सिंहासनारोहण से सम्बन्ध है। इसका नाम ऐन्द्रमहाभिषेक इसलिए पड़ा कि इसमें वे क्रियाएँ की जाती हैं, जो इन्द्र के स्वर्ग राज्यारोहण के लिए की गयी मानी जाती हैं। पुरोहित इस अवसर पर राजा के शरीर में इन्द्र के गुणों की स्थापना मन्त्र एवं प्रतिज्ञाओं द्वारा करता है। दे० 'अभिषेक' और 'राज्याभिषेक'।

ऐन्द्रि
इन्द्र का पुत्र जयन्त। बाली नामक वानरराज को भी ऐन्द्रि कहा गया है, अर्जुन का भी एक पर्याय ऐन्द्रि है, क्योंकि इन दोनों का जन्म इन्द्र से हुआ था।


logo