logo
भारतवाणी
bharatavani  
logo
Knowledge through Indian Languages
Bharatavani

Awadhi Sahitya-Kosh

Please click here to read PDF file Awadhi Sahitya-Kosh

खुशाल
ये भारतेन्दु युग के ख्यातिप्राप्त अवधी कवि हैं। बैसवाड़ा क्षेत्र इनका निवास स्थान रहा है।

ख्वाजा अहमद
ये बाबूगंज (प्रतापगढ़) के निवासी थे। इनके पिता का नाम लाल मोहम्मद था। इनका अवधी काव्य है - नूरजहाँ। यह एक प्रेमपरक कृति है। इसकी रचना सं. १९६२ में की गई है। ‘नूरजहाँ’ प्रेमाख्यानक काव्यों की भाँति अवधीयुक्त है। इसमें दोहा-चौपाई छंद का प्रयोग है।

गंगादयाल
ये बैसवारा क्षेत्र के निवासी एवं भारतेन्दु युगीन अवधी साहित्यकार हैं।

गंगादयाल द्विवेदी
निगसर (बैसवारा क्षेत्र) के निवासी द्विवेदी जी भारतेन्दु युगीन अवधी साहित्यकार हैं।

गंगाधर व्यास
ये ‘सत्योपाख्यान भाषा’ को अवधी भाषा में अनूदित करने वाले एक साहित्यकार रहे हैं। इनका जीवनकाल सन् १८४२ से १९१५ ई. तक रहा है।

गंगा प्रसाद
ये अवधी काव्यधारा को अक्षुण्ण बनाये रखने वाले साहित्यकारों में से एक हैं। द्विवेदी युग इनका आविर्भाव काल था।

गंगाप्रसाद मिश्र
ये अवधी गद्य लेखक विशेषकर लघु नाट्य एवं एकांकियों में कुशल कलाकार हैं। इनके नाटक सामाजिक समस्याओं पर आधारित हैं। इनकी अवधी रचनाएँ हैं - नेवासा, नानक, धरती का धन, सौदागर, पाहुन, ससुराल की सैर आदि।

गंगासागर शुक्ल
ये अवधी भाषा के एक अल्पख्यात कवि रहे हैं। इनका जन्म सन् १९४३ में रायबरेली में हुआ था।

गजराज सिंह यादव ’अमर’
अमर जी का जन्म सन १९३० ई. में खीरी जनपद के चन्दनापुर गाँव में हुआ था। इनके पिता जी का नाम ठाकुरप्रसाद यादव था। शिक्षा ग्रहण करने के बाद ये श्री हनुमत रामेशवर दयाल इण्टर कालेज, बिसवाँ में अंग्रेजी के अध्यापक हो गये। ‘कल्पना-कुसुम’ इनका खड़ी बोली का काव्य-संग्रह है। ‘अमर कीरति’ इनकी अवधी रचनाओं का संकलन है। ये अवधी में सवैया और घनाक्षरी बड़ी कुशलता से लिखते हैं।

गड़बड़ रामायण
यह सन् १९४२ में रचित श्री कुटलेश जी की अवधी रचना है, जो दोहा चौपाई छंदों में लिखी गयी है। इनकी चौपाइयों में एक चरण श्रीरामचरित मानस का है तो दूसरा चरण उनके द्वारा सृजित किया गया है। इसमें सामाजिक बुराइयों को उद्घाटित किया गया है।


logo