logo
भारतवाणी
bharatavani  
logo
Knowledge through Indian Languages
Bharatavani

Awadhi Sahitya-Kosh

Please click here to read PDF file Awadhi Sahitya-Kosh

चंद्रशेखर मिश्र ‘चण्डूल’
चण्डूल जी आधुनिक अवधी काव्य की हास्य-व्यंग्य-परम्परा में महत्वपूर्ण स्थान रखते हैं। इनका परिचयात्मक विवरण अप्राप्त है।

चकल्लस
यह बलभद्र प्रसाद दीक्षित ‘पढ़ीस’ जी की श्रेष्ठ अवधी काव्य कृति है। इसमें तुकान्त, अतुकान्त लगभग ३७ कविताओं का संग्रह है, जिसका प्रकाशन सन् १९३३ में हुआ है। यह काव्य कृति अनेक दृष्टियों से महिमामण्डित है। इस संग्रह में अवध के जनजीवन की मर्मच्छवियाँ अंकित हैं। कविताओं में जनवादी चेतना का प्रखर स्वर है, साथ ही अनुभूति की प्रगाढ़ता और सूक्ष्म पर्यवेक्षण की शक्ति भी। विषय-वस्तु, भाव वैविध्य, नवीन छन्द योजना तथा युगीन काव्य प्रवृत्तियों की प्रतिनिधि कृति है - चकल्लस। इनकी रचना का मूल उद्देश्य अवधी भाषा को प्रश्रय देकर ग्राम्य संस्कृति को उजागर करना था। इस संकलन की कविताओं में सामाजिक कुरीतियों, पाखण्ड, पाश्चात्य संस्कृति, सामंती जीवन,आधुनिक फैशन, जाति-पाति आदि का विरोध मुखरित हुआ है। इन कविताओं की भाषा ठेठ अवधी है। इनमें तद्भव शब्दों का ही बाहुल्य है। बोलचाल की भाषा का सहज सौन्दर्य इसमें समाहित हैं।

चतुर्भुज शर्मा
इनका जन्म सन् १९१० में बीहट वीरम के निकट ग्राम राजपुर खुर्द जिला सीतापुर में हुआ था। गजोधर दीक्षित इनके पिता थे। इण्टरमीडिएट की परीक्षा उत्तीर्ण करने के पश्चात् इन्होंने गन्ना विभाग में सुपरवाइजर के पद पर नौकरी कर ली। हिन्दी, अंग्रेजी, संस्कृत के साथ उर्दू और फारसी के भी ज्ञाता हैं चतुर्भुज शर्मा। इनकी अवधी रचनायें हैं - बजरंग-बावनी, नारद मोह, किसान की अरदास, धनुष भंग, कुत्ता-भेड़हा की लड़ाई, बाल रामायण, र्‌याल-प्याल, नहर का मुकदमा, सरदार पटेल, महात्मा गांधी का निधन, स्वतंत्रता दिवस, पोक्कन पाण्डे, गोधूली, यहिया खाँ, मधई काका की चौपारि, मेघनाथ वध, इत्यादि। इनकी समस्त अवधी सेवाओं पर उ.प्र. हिन्दी संस्थान ने इन्हें जायसी (नामित) पुरस्कार से सम्मानित किया है। भाषा में बैसवारी अवधी की स्पष्ट झलक मिलती है।

चन्द्रभान सिंह
इनका जन्म सन् १९७४ में ग्राम बरउवाँ, जनपद रायबरेली में हुआ था। ये होली-चहली, छंद के लिए प्रसिद्ध हैं। इनके लोकगीत रामकृष्ण कथा पर आधृत हैं। भाषा ठेठ अवधी है। ‘कृष्ण-सुदामा’ नामक इनका लोकगीत संग्रह है, जो अभी अप्रकाशित है।

चन्द्रभूषण त्रिवेदी “रमई काका”
आधुनिक अवधी कविता में श्री चन्द्रभूषण त्रिवेदी “रमई काका” का शीर्षस्थ स्थान है। महाकवि तुलसीदास के बाद ये अवधी के सर्वाधिक लोकप्रिय कवि हैं। इनका हास्य-व्यंग्य-विनोद अति विशिष्ट हैं। काका के काव्यसंग्रह हैं - ‘भिनसार’, ‘बौछार’, ‘फुहार’, ‘गुलछर्रा’, नेताजी एवं हरपाती तरवारि आदि। इनका काव्य, भाव और शिल्प दोनों दृष्टियों से वैविध्यपूर्ण है। इनकी रचनाओं में बैसवारा-जनजीवन की अनेक मर्मच्छवियाँ प्रोद्‍भासित हुई हैं। प्रकृति-परिवेश का एक-एक रूप-रंग उनकी रचनाओं में अन्तर्याप्त हो उठा है। इनका दूसरा महत्त्वपूर्ण पक्ष है- अवध की लोक संस्कृति का दिग्दर्शन। ’काका’ मूलतः ग्रामीण-व्यवस्था एवं कृषि संस्कृति के कवि हैं। अवध ग्रामांचल में व्याप्त गरीबी, भुखमरी, पर्दा-प्रथा, मुकदमेबाजी आदि समस्याओं एवं कुप्रथाओं का समाधान इनकी रचना का विषय रहा है। कृषि कर्म एवं ग्रामोद्योग का इन्होंने पुरजोर समर्थन किया है। इन्होंने अवधी लोकसंस्कृति का बड़ी बारीकी से वर्णन किया है। इनकी कविताओं का काव्य-सौष्ठव विशिष्ट है। इन्होंने जनजीवन में प्रचलित लोकोक्तियों, मुहावरों और ठेठ आंचलिक लहजों (बोली-बानी) का प्रयोग करके अपनी विलक्षण व्यंजनगतिशयता का निर्वाह किया है। ‘रमई काका’ की कविता जितनी भावबहुला है, उतनी शिल्प विविधा भी। इन्होंने छोटी-बड़ी मुक्त कविताओं के अतिरिक्त, गीत, घनाक्षरी, दोहा, सोरठा, कुण्डलियाँ, पद, विरहा, आल्हा आदि छन्दों तथा विभिन्न काव्यरूपों का सफल प्रयोग किया है। भले ही इनकी भाषा में कहीं- कहीं खड़ी बोली तथा भोजपुरी का अवधी रूपांतरण दिखाई देता हो, यों उसमें बैसवारी अवधी का सफल विनियोग हुआ है। ‘काका’ ने लोकरुचि के अनुकूल हास्यरस में अधिक लिखा है, पर श्रृंगार, करुण और वीर रसों में भी इनकी यथेष्ट गति रही है। राष्ट्रीय विभूतियों गाँधी, नेहरू आदि के प्रति इन्होंने अनेक वन्दना गीत लिखे हैं। राजनीतिक समस्याओं पर भी ‘काका’ ने पर्याप्त चिंतन किया है। पाकिस्तानी, चीनी आक्रमण के दौरान इन्होंने ‘आल्हा’ शैली में अनेक प्रेरणादायक गीत लिखे। अवधी गद्य में ‘काका’ की महती भूमिका रही है। ‘रतौंधी’, ‘बहिरे बोधन बाबा’ नामक हास्य एकांकी (ध्वनि रूपक) संकलन द्वारा इन्होंने अवधी नाटक के क्षेत्र में पहल की है। वस्तुतः ये आधुनिक अवधी के कीर्तिस्तम्भ हैं।

चन्द्रशेखर ‘चण्डूल’
चण्डूल जी लखनऊ जनपद के बंथरा क्षेत्र के निवासी हैं। साहित्य क्षेत्र में उतरने के लिए इन्होंने अवधी को अपनी मूल भाषा के रूप में स्वीकार किया है।

चन्द्रशेखर पाण्डेय ‘चन्द्रमणि’
इनका जन्म बन्नावाँ, रायबरेली में १९०८ में हुआ था। इन्होंने अश्लील लोकगीतों के विरोध में लोकगीतों का एक संग्रह ‘होली का हुलम्बा’ सृजित किया। इस संग्रह की भाषा अवधी है। इनकी मृत्यु सन् १९८२ में हुई।

चन्द्रशेखर बाजपेयी
इनका जन्म पौष शुक्ल पक्ष दशमी संवत् १८५५ को असनी के निकट मुअज्जमाबाद जिला फतेहपुर में हुआ था। इनके पिता का नाम मनीराम बाजपेयी था। इनकी प्रमुख कृतियाँ हैं - रसिक विनोद, हम्मीर हठ, विवेक विलास, हरिभक्ति विलास, नख - शिख, गुरु पंचाशिका, वृन्दावन शतक, माधवी वसंत आदि। हम्मीर हठ (वीर-काव्य) इनकी सर्वाधिक लोकप्रिय रचना है। सं. १९३२ में इनका निधन हो गया। ये संस्कृत के अच्छे विद्वान थे। इनकी अनेक अवधी कविताएँ हैं। ये अपनी कविताओं में ‘शेखर’ उपनाम का प्रयोग करते थे। इन्हें पटियाला, कश्मीर, जोधपुर आदि रियासतों में आश्रय प्राप्त था। अवधी के विकास में इनका योगदान उल्लेखनीय है।

चन्द्रशेखर सिंह ‘चन्द्र’
लखनऊ जनपद के ग्राम भवानीपुर पो. इन्दौरा बाग निवासी श्री रघुनाथ सिंह चौहान के सुपुत्र चन्द्र का जन्म १६ अगस्त सन् १९३१ को हुआ। इन्होंने अवधी के साथ-साथ खड़ी बोली में भी रचनाएँ की हैं। इनके काव्यसंग्रह हैं-छंदमाला भाग-१, छंदमाला भाग-२, गीतमंजरी, लंका-संग्राम। इनकी स्फुट रचनाएँ अनेक पत्र-पत्रिकाओं में प्रकाशित होती रहती हैं।

चन्द्रिका प्रसाद बाजपेयी ‘कौतुक’
इनका जन्म सं. १९६४ में जिला रायबरेली के ग्राम बेहटा कला के ‘बाजपेयी खेरा’ में हुआ था। इनके पिताजी का नाम निजानन्द बाजपेयी था। रायबरेली में श्री रामावतार शुक्ल द्वारा स्थापित ‘चातुर मंडल’ के ये प्रकाशमान नक्षत्र थे। इसके अतिरिक्त रायबरेली के स्वतंत्रता संग्राम तथा राष्ट्रीय कविता के क्षेत्र में कौतुक जी की भूमिका महत्त्वपूर्ण है। समस्यापूर्ति के कवि सम्मेलनों में ये कई बार पुरस्कृत हो चुके हैं। इन्होंने अनेक प्रकार की कवितायें की हैं। सामाजिक-सामयिक विकृतियों पर इनकी लेखनी साधिकार चली है। इनकी रचनाओं के संकलन एवं संग्रह की आवश्यकता है। इनका निधन सं. २०३९ में हो गया।


logo