logo
भारतवाणी
bharatavani  
logo
Knowledge through Indian Languages
Bharatavani

Definitional Dictionary of Archaeology (English-Hindi)
A B C D E F G H I J K L M N O P Q R S T U V W X Y Z

Ubaid culture
उबेद संस्कृति दक्षिण ईरान में बसरा से 160 किलोमीटर दूर उर नामक स्थान से साढ़े छह किलोमीटर की दूरी पर स्थित अल-उबेद नामक छोटे-से टीले के उत्खनन से ज्ञात मेसोपोतामिया की एक प्रसिद्ध प्रागैतिहासिक संस्कृति जिसका काल ई. पू. 5000 से ई. पू. 4000 के मध्य माना जाता है। अल-उबेद टीले का उत्खनन ई. 1919 में हाल तथा ई. 1923-24 में लियोनार्ड बूली ने कराया था। इस टीले से प्राप्त वस्तुओं की साम्यता दक्षिण मेसोपोतामिया के अनेक स्थलों में प्राप्त वस्तुओं से है, जिसके आधार पर यह अनुमान किया जाता है कि इस संस्कृति के जनकों का, संपूर्ण मेसोपोतामिया में आधिपत्य रहा होगा। इस संस्कृति की विशिष्टता आग में पके पीले अथवा हरापन लिए अलंकृत मृद्भांड हैं। ई. पू. पाँचवीं सहस्राब्दि के मध्य में इस संस्कृति ने उत्तरी मेसोपोतामिया में हलफ संस्कृति को पराभूत कर वहाँ अपना आधिपत्य स्थापित किया। काले और भूरे रंग से ज्यामितिक आकृतियाँ इन पर चित्रित की गई हैं। उबेद जन द्वारा बनाए गए अनेक प्रकार के उपकरण, ताम्र मूर्तियाँ तथा मंदिर आदि मिले हैं। इस संस्कृति की मुख्य विशेषता विशाल ग्राम सन्निवेश तथा मेसोपोतामिया के क्षेत्र में प्रथम मंदिर वास्तु के अवशेष हैं।

Umbrella stone
छत्रपाषाण, कुडई कल्लू छतरीनुमा महापाषाण स्मारकों का एक प्रकार, जिसे मलयालय में कल्लू या कुडकल्लू कहा जाता है। ये कब्र के ऊपर रखे हुए छतरीनुमा प्रस्तर खंड होते हैं। इस महापाषाण-स्मारक में टोपीकल्लू की तरह का उदग्र अनुवृत्त आधार नहीं होता। यह एकाश्म स्मारक गुंबदाकार होता है। शीर्ष-प्रस्तर सीधे भूमि पर टिका रहता है।

uncial
बृहदक्षर लिपि चौथी से आठवीं शताब्दी ई. तक प्रचलित रही, बड़े-बड़े अक्षरोंवाली लिखावट जो यूनानी तथा लैटिन पांडुलिपियों में प्रयुक्त हुई। इस लेखन-प्रणाली में कुछ अक्षर गोल तथा वक्राकार होते हैं।

undecipherable inscription
अपाठ्य उत्कीर्ण लेख, अनुद्वाच्य उत्कीर्ण लेख वे शिलालेख या अभिलेख, जिनका वाचन न किया जा सका हो, सैन्धव लिपि श्रेणी के हैं, जिन्हें वर्षों के अथक परिश्रम के बावजूद अभी तक पढ़ा नहीं जा सका है।

under coat
निचली परत एक लेप के नीचे दूसरा लेप।

underwater archaeology
अंत्तर्जलीय पुरातत्व समुद्र, तालाब या नदी के जल के नीचे दबे, प्राचीन अवशेषों और वस्तुओं का पता लगाने तथा उनका वैज्ञानिक अध्ययन करने विषयक शास्त्र। इस शास्त्र का विकास द्वितीय विश्वयुद्ध में पनडुब्बियों एवं अन्य समुद्रगर्भीय क्षेत्र में कार्य के लिए उपयोगी उपकरणों के आविष्कार के साथ हुआ। आधुनिक वैज्ञानिक माध्यमों से समुद्र की तलहटी में, सर्वेक्षण एवं खोज कार्य किए जा रहे हैं और नई-नई तकनीकों का प्रयोग हो रहा है। भूमध्यसागर में, श्रेण्यकालीन पोतध्वंसावशेषों से पुराने जल मार्गों, पोतों आदि के बारे में महत्वपूर्ण सूचना सामग्री मिली है। तुर्की के गेलीडोन्या अन्तरीप (cape Gelidonya) से प्रागैतिहासकालीन एक माइसीनी जहाज के महत्वपूर्ण अवशेष मिले हैं। स्विट्जरंलैंड के नवपाषाणकालीन गाँवों, फ्लोरिंग से 'पैलियो-इन्डियन' (Paleo Indian) शवाधान तथा भारत में द्वारिका के अवशेष इसी विधा द्वारा प्रकाश में आए हैं।

underworld deity
पाताल देव देवकथाओं अथवा पुराणों में वर्णित वे देवी-देवता, जिनका निवासस्थान भूमि के नीचे पाताल लोक में माना जाता है। पृथ्वी के नीचे सात लोक बताए गए हैं, जिनमें पाताल-लोक सबसे नीचे का लोक माना जाता है और इसके निवासियों को पाताल देव कहा जाता है।

Unetice culture
यूनेटिस संस्कृति मध्य यूरोप की एक प्रारंभिक कांस्यकालीन संस्कृति। चेकोस्लोवाकिया के बोहेमिया क्षेत्र में प्राग के निकट स्थित यूनेटिस नामक प्ररूप स्थल के आधार पर इस संस्कृति का नामकरण हुआ है। यूनेटिस सभ्यता मूलतः बोहेमिया और मोराविया के निकटवर्ती क्षेत्रों में विकसित हुई। इस सभ्यता के लोगों ने पहले तांबे और बाद में कांस्य धातु का प्रयोग किया। इस संस्कृति का प्रसार हंगेरी, उत्तरी आस्ट्रिया से लेकर बवेरिया और स्विट्जरलैंड तक हो गया। इस संस्कृति के धातु उपकरण हँसली, केश-चिमटी, विभिन्न प्रकार की पिनें, कोरदार कुठार तथा फरसा आदि हैं। यूनेटिस संस्कृति को तीन कालों में विभक्त किया जाता है। प्रारंभिक काल (लगभग ई. पू. 1900-ई. पू. 1800), श्रेण्य (क्लासिकी) काल (लगभग ई. पू. 1800-ई. पू. 1600), तथा उत्तर काल (लगभग ई. पू. 1600-ई. पू. 1500)।

unicorn
एकशृंगी (क) एक सींग वाला। (ख) एक काल्पनिक पशु जिसका सिर और शरीर घोड़े जैसा, पिछले पैर महामृग की तरह, पूँछ शेर जैसी तथा सिर के मध्य में एक सीधा सींग होता था। भारत में सिंधु घाटी की मोहरों पर इस प्रकार के काल्पनिक पशुओं का मनोरम चित्रांकन किया गया है। वैदिक साहित्य में भी इस प्रकार के कल्पित पशु का उल्लेख मिलता है।

unifaced
एकमुखी (क) वह वस्तु, जिसके केवल एक ओर अभिकल्प बना हुआ हो, जैसे एक ही पृष्ठ पर बने अभिकल्प वाले सिक्के। (ख) एकमुखी पाषाण-उपकरण; एकल फलकित वह पाषाण उपकरण, जिसे एक ओर से तराश कर बनाया गया हो। दूसरी ओर अनगढ़ होने के कारण इसे एकल फलकित कहते हैं। (ग) एकपृष्ठीय; एक ही पृष्ठवाला।


logo