logo
भारतवाणी
bharatavani  
logo
Knowledge through Indian Languages
Bharatavani

Rajaneetivijnan Paribhasha Kosh (English-Hindi)
A B C D E F G H I J K L M N O P Q R S T U V W X Y Z

Please click here to read PDF file Rajaneetivijnan Paribhasha Kosh (English-Hindi)

Berlin Blockade
बर्लिन की नाकेबंदी द्वितीय महायुद्ध के बाद बिना शर्त आत्मसमर्पण कर देने पर जर्मनी के साथ बर्लिन नगर भी दो भागों में बंट गया। एक मित्र राष्ट्रों के अधीन और दूसरा सोवियत संघ के अधीन। इस प्रकार पूर्वी जर्मनी में बर्लिन का एक भाग पश्चिमी राष्ट्रों के नियंत्रण व क्षेत्राधिकार में रहा। कालांतर में यह विभाजन बर्लिन दीवार बनाकर स्थायी कर दिया गया। परन्तु बर्लिन में प्रचलित मुद्रा व इसके नियंत्रण के प्रश्न को लेकर सोवियत संघ और पश्चिमी राष्ट्रों में मतभेद हो गया। प्रतिरोध में सोवियत संघ ने 24 जून, 1948 को पश्चिमी क्षेत्र और बर्लिन के बीच रेल जल और सड़क यातायात अवरुद्ध कर दिया। पश्चिमी राष्ट्रों ने इसका सामना वायुयानों द्वारा आवश्यक सामग्री, भोजन, औषधियाँ, वस्त्र, कोयला, कच्चा माल पहुँचा कर किया। उनका तर्क था कि बर्लिन में पश्चिमी राष्ट्रों की उपस्थिति एक कानूनी अधिकार है और उन्हें वहाँ से कोई नहीं हटा सकता। समस्या को संयुक्त राष्ट्र संघ में भेजा गया परन्तु कोई समाधान नहीं निकला। पश्चिमी राष्ट्रों ने प्रतिशोध में जर्मनी के पूर्वी भाग की प्रति-नाकेबंदी कर दी। बर्लिन की नगर सभा में सोवियत नाकेबंदी को `मानवता के विरुद्ध अपराध` कहकर उसकी भर्त्सना की। अंत में जनवरी 1949 में सोवियत संघ नाकेबंदी समाप्त करने के लिए सहमत हो गया।

Besiege
घेरा डालना, अवरोध करना शत्रु को समर्पण के लिए बाध्य करने के उद्देश्य से या उसे आगे बढ़ने से रोकने के लिए, उसके किसी नगर या मोर्चाबंद क्षेत्र की सेनाओं द्वारा घेराबंदी।

Bhoodan
भूदान भारत की वर्तमान असमान भूव्यवस्था में आमूल परिवर्तन लाने के उद्देश्य से आचार्य विनोबा भावे द्वारा प्रवर्तित वह अहिंसात्मक आंदोलन जिसके अंतर्गत भूस्वामियों को स्वेच्छा से अपनी भूमि के एक अंश का दान देने के लिए प्रेरित किया गया। भूमि जिस गांव में स्वेच्छा से दान के रूप में मिलती थी, प्राय: उसी गांव में भूमिहीन किसानों में बांट दी जाती थी।

Bicameralism
1. द्विसदन पद्धति, 2. द्विसदनवाद 1. द्विसदन पद्धति : इस पद्धति के अंतर्गत विधान मंडल के दो सदन होते हैं। एक सदन में सामान्य जनता का प्रतिनिधित्व होता है और दूसरे सदन में समाज के विशिष्ट वर्गों या हितों के साथ संघ राज्य की अंगीभूत इकाइयों का भी प्रतिनिधित्व रहता है। 2. द्विसदनवाद : संविधान का वह सिद्धांत जो विधान मंडल में दो सदनों की व्यवस्था का समर्थन करता है।

Big stick diplomacy
शक्तिदर्शी राजनय विदेशी तथा घरेलू समस्याओं से बलपूर्वक निपटने का तरीका। राष्ट्रीय तथा अंतर्राष्ट्रीय रीति-नीतियों के संचालन में बुद्धियुक्त और चातुर्यपूर्ण कूटनीति की अपेक्षा शक्ति प्रदर्शन के माध्यम से इच्छित लक्ष्य को प्राप्त करना।

Bilateral agreement
द्विपक्षीय समझौता ऐसे अंतर्राष्ट्रीय समझौते जिनके केवल दो हस्ताक्षरकर्ता पक्ष हों अर्थात् जो केवल दो राज्यों अथवा अन्य इकाइयों के बीच किए जाएँ।

Bilateralism
द्विपक्षवाद वर्तमान काल में उभरती हुई यह विचारधारा की राज्यों को अपने पारस्परिक विवाद परस्पर वार्तालाप द्वारा बिना किसी तीसरे राज्य या राज्यों के हस्तक्षेप के समाधान करने हेतु प्रयास करना चाहिए और न ही ऐसे मामलों को अंतर्राष्ट्रीय संगठनों या निकायों में उठाया जाना चाहिए। 1971 में भारत-पाकिस्तान के मध्य शिमला समझौते में इसी सिद्धांत को स्वीकार किया गया था। इसे कभी-कभी शिमला भावना भी कहा जाता है।

Bilateral treaty
द्विपक्षीय संधि दो पक्षों के मध्य हुई संधि जिसके पक्षकार राज्य हो सकते हैं अथवा अंतर्राष्ट्रीय संगठन अथवा एक पक्ष राज्य और दूसरा पक्ष अंतर्राष्ट्रीय संगठन। संधि में पारस्परिक अधिकारों व कर्तव्यों का प्रावधान किया जाता है और ये संबंधित पक्षों के लिए बाध्यकारी होते हैं।

Bill
विधेयक किसी प्रस्तावित विधि का वह प्रारूप जो स्वीकृति के लिए व्यवस्थापिका में प्रस्तुत किया जाए। जब विधानांग उसे यथावत् या संशोधनोपरांत पास कर देता है तो राज्य के प्रधान या अध्यक्ष की स्वीकृति प्राप्त होने पर विधेयक कानून बन जाता है।

Bill of Rights
बिल ऑफ राइट्स इस अधिनियम के द्वारा पहली बार 1689 में इंग्लैंड की जनता के अधिकारों एवं स्वतंत्रताओं को लिखित कानूनी रूप प्रदान किया गया था। संयुक्त राज्य अमेरिका के संविधान में यद्यपि इस शीर्षक के अंतर्गत अधिकारों का उल्लेख नहीं है किंतु संविधान के प्रथम दस संशोधन इन अधिकारों की पुष्टि करते हैं। कालांतर में अनेक राष्ट्रों ने इन अधिकारों का समावेश अपने संविधानों में किया है। जिन मुख्य अधिकारों का उल्लेख किया गया है उनमें प्रमुख अधिकार है मुकदमें की जूरी द्वारा सुनवाई, बंदी प्रत्यक्षीकरण, वाक् स्वातंत्रय, संपत्ति अधिकार आदि।


logo