सदन का नेता सत्तारूढ़ दल का वह सदस्य जो अपने दल की ओर से सदन की कार्रवाई एवं कार्यक्रम और अनुशासन के लिए उत्तरदायी होता है तथा औपचारिक अवसरों पर पूरे सदन की ओर से भाव व्यक्त करता है। प्रायः प्रधान मंत्री ही सदन का नेता होता है। भारत में यही परंपरा बन गर्ह है। इंग्लैंड में भी प्रारंभ में ऐसी ही परंपरा थी परंतु वहाँ अब सत्तारूढ़ दल अपने किसी वरिष्ठ सदस्य को इस पद के लिए मनोनीत करता है। भारत में लोक सभा तथा राज्य सभा, दोनों सदनों के, अलग-अलग नेता होते हैं।
Leader of the opposition
विपक्षी नेता, विरोधी दल का नेता सत्तारूढ़ दल के अतिरिक्त अन्य दलों में सर्वाधिक सदस्यों वाले राजनैतिक दल का नेता बशर्ते कि उसके दल को सदन के नियमों के अनुसार दल के रूप में मान्यता प्राप्त हो। इस पद की संकल्पना ब्रिटिश संसदीय प्रणाली की देन है। ब्रिटेन में विपक्षी नेता को अनौपचारिक रूप से छायाकार प्रधानमंत्री कहा जाता है। भारतीय संसद में सर्वप्रथम जनता पार्टी सरकार द्वारा 1977 में कांग्रेस दल के नेता यशवंत राव चौहान को विधिवत् विपक्षी नेता के रूप में मान्यता दी गई थी।
League of Nations
राष्ट्रसंघ प्रथम विश्व युद्ध के पश्चात् सन् 1920 में गठित राज्यों का पहला अंतर्राष्ट्रीय संगठन जिसका मुख्यालय जेनेवा में था। इसके दो प्रमुख उद्देश्य थे :- (1) युद्ध को रोकना तथा अंतर्राष्ट्रीय झगड़ों का शांतिपूर्ण निपटारा, तथा (2) अंतर्राष्ट्रीय सहयोग की भावना का विस्तार जिससे सदस्य-राष्ट्रों की भौतिक तथा नैतिक उन्नति हो सके और मानव समाज का भी कल्याण हो। उसके तीन प्रमुख अंग थे-सभा, परिषद् और स्थायी अंतर्राष्ट्रीय न्यायालय। 1939 में द्वितीय विश्वयुद्ध प्रारंभ होने पर यह संगठन भंग हो गया।
Lefitist
वामपंथी, वामपक्षी ऐसा व्यक्ति अथवा राजनीतिक समुदाय या दल जो क्रांतिकारी, प्रगतिशील तथा उग्र राजनीतिक-आर्थिक कार्यक्रम का पक्षधर हो और जिसका मुख्य उद्देश्य प्रचलित व्यवस्था में आमूल परिवर्तन करना हो। इस शब्द की उत्पत्ति यूरोपीय संसदों में अध्यक्ष की बाईं और बैठने वाले सदस्यों के राजनीतिक विचारों के संदर्भ में हुई। बहुघा समाजवादियों और साम्यवादियों को वामपंथी कहा जाता है।
Legal counsel (legal Counsellor)
वकील, विधि परामर्शदाता 1. वह व्यक्ति अथवा संस्था जो न्यायालय में प्रेषित किसी मुकदमें में वादी अथवा प्रतिवादी की ओर से क़ानूनी तर्क और दृष्टांत देकर न्यायाधीश से न्याय-पालन अथवा न्याय-निर्णय लेने में सहायक हो। 2. वह व्यक्ति जिसके पास न्यायालय में प्रस्तुत होकर विवादी पक्ष की ओर से किसी विवाद के समर्थन में तय्य पेश करने तथा तर्क करने का अनुज्ञापत्र हो तथा जो क़ानूनी परामर्श भी देता हो।
Legal entity
विधिक अस्तित्व, विधिक इकाई वह व्यक्ति अथवा संस्था जिसे क़ानूनी मान्यता प्राप्त हो, जिसे क़ानून के अंतर्गत अधिकार तथा कर्तव्य प्राप्त हो और जो अपने अधिकारों के रक्षार्थ न्यायिक कार्रवाई करने का अधिकार रखता हो।
Legal equality
विधिक समता इसका अर्थ है कि सभी नागरिक क़ानून के समक्ष बराबर समझे जाएँ। क़ानून और उसका प्रशासन न्यायायलों द्वारा सभी के लिए समान हो और इसमें जाति, धर्म, लिंग, पद इत्यादि किसी आधार पर कोई भेदभाव न हो। भारतीय संविधान के अनुच्छेद 14 में क़ानूनी समानता के दो पक्ष बताए हैं- (1) क़ानून के समक्ष सभी नागरिकों का समान होना; और (2) सभी को क़ानून का समान संरक्षण प्राप्त होना।
Legal immunity
विधिक उन्मुवित विशेष परिस्थितियों अथवा मामलों में किसी व्यक्ति विशेष, पदाधिकारी, संस्था अथवा निकाय को क़ानूनी कार्रवाई से छूट। उदाहरणार्थ भारत में राष्ट्रपति और राज्यपालों के विरुद्ध उनके पदविमुक्त होने पर भी उनके कार्यकाल से संबंधित किसी विषय को लेकर उनके विरुद्ध कोई क़ानूनी कार्रवाई नहीं की जा सकती।
Legalization
वैधीकरण किसी ऐसे कार्य को क़ानून द्वारा वैध ठहराना जिसे उस क़ानून के निर्माण से पूर्व अवैध तथा दंडापेक्षी समझा जाता था जैसे, गर्भपात।
Legal justice
विधिक न्याय किसी विवाद में विधिवत् स्थापित नियमित न्यायालय द्वारा क़ानून के अनुसार किया गया निर्णय।