सामूहिक गारंटी वह दायित्व जो विभिन्न राष्ट्र किसी अंतर्राष्ट्रीय समझौते अथवा संधि के अंतर्गत किसी राज्य को उस राज्य पर विदेशी आक्रमण किए जाने की स्थिति में सुरक्षा प्रदान करने के लिए वहन करते हैं। इसी प्रकार की गारंटी किसी देश के तटस्थीकरण के संबंध में भी होती है।
Collective intervention
सामूहिक हस्तक्षेप अंतर्राष्ट्रीय दायित्वों को पूरा करने के लिए कुछ राष्ट्रों द्वारा सामूहिक रूप से किसी राज्य के विरुद्ध की गई कार्रवाई जो सैनिक कार्रवाई का रूप भी धारण कर सकती है और जिस राज्य के विरूद्ध की गई है, उसकी स्वतंत्रता या प्रादेशिक अखंडता के प्रतिकूल होती है। संयुक्त राष्ट्र के चार्टर के सातवें अध्याय के अंतर्गत की जाने वाली रक्षात्मक कार्रवाई भी सामूहिक हस्तक्षेप का दृष्टांत है। दे. intervention भी।
Collective measures
सामूहिक उपाय संयुक्त राष्ट्र के चार्टर के अंतर्गत राष्ट्रों के समूह द्वारा किसी अपचारी राज्य के विरुद्ध की गई किसी प्रकार की संयुक्त अथवा एकीकृत कार्रवाई। ऐसे राज्य के विरुद्ध सुरक्षा परिषद् द्वारा आर्थिक शास्तियाँ तथा प्रतिबंध लगाना या सैनिक कार्रवाई करना अंतर्राष्ट्रीय राजनीति में सामूहिक उपाय के स्पष्ट उदाहरण हैं।
Collective recognition
सामूहिक मान्यता कुछ राष्ट्रों या राष्ट्रों के समूह द्वारा लिया गया वह संयुक्त निर्णय जिसके अंतर्गत वे किसी नवस्थापित राज्य के अंतर्राष्ट्रीय अस्तित्व को अथवा किसी राज्य में नवस्थापित सरकार या शासन को औपचारिक रूप से मान्यता प्रदान करने का निश्चय करते हैं।
Collective responsibility
सामूहिक उत्तरदायित्व संसदीय शासन-प्रणाली में मंत्रीपरिषद् का उत्तरदायित्व संबंधी वह सिद्धांत जिसके अनुसार मंत्रिपरिषद् का हर सदस्य मंत्रिपरिषद् के प्रत्येक निर्णय के लिए व्यक्तिगत रूप से तथा सामूहिक रूप से उत्तरदायी होता है। इस सिद्धांत के अनुसार किसी भी एक मंत्री के विरुद्ध सदन द्वारा पारित अविश्वास प्रस्ताव पूरे मंत्रिमंडल के विरुद्ध अविश्वास प्रस्ताव माना जाता है।
Collective security
सामूहिक सुरक्षा अंतर्राष्ट्रीय शांति तथा सुरक्षा भंग करने वाले किसी राज्य के विरुद्ध अन्य राज्यों द्वारा सामूहिक रूप से कार्रवाई किए जाने का सिद्धांत जिसकी व्यवस्था सर्वप्रथम राष्ट्रसंघ के प्रसंविदा के अंतर्गत हुई थी। यही सिद्धांत संयुक्त राष्ट्र के चार्टर का मूल सिद्धांत है। इस पद का प्रयोग क्षेत्रीय-सैनिक संगठनों अथवा गुटों के संदर्भ में भी किया जाता है।
Collectivism
समष्टिवाद वह सिद्धांत जो उत्पादन के साधनों पर राज्य के स्वामित्व एवं नियंत्रण के पक्ष में है और इन पर व्यक्तियों एवं व्यक्ति समूहों के स्वामित्व और नियंत्रण का विरोध करता है। बहुधा यह पद समाजवाद अथवा साम्यवाद का पर्यायवाची समझा जाता है। यह निर्बाध उद्यम को प्रमुखता देने वाले व्यक्तिवादी सिद्धांत का विलोम है।
Colonial administration
औपनिवेशिक प्रशासन किसी औपनिवेशिक राज्य द्वारा अपने अधीनस्थ उपनिवेशों के निवासियों के लिए संचालित शासन।
Colonial office
उपनिवेश मंत्रालय ब्रिटेन का एक मंत्रालय जो उपनिवेश संबंधी नीतियों एवं कार्यक्रमों का निरूपण तथा क्रियान्वयन करता था। इसका प्रमुख मंत्रिमंडल का एक सदस्य होता था।
Colonial powers
औपनिवेशिक शक्तियाँ यह पद यूरोप के उन राष्ट्रों के लिए प्रयुक्त होता था जिन्होंने उन्नीसवीं शताब्दी में एशिया और अफ्रीका के कुछ देशों में अपना राजनीतिक प्रभुत्व स्थापित किया था। इनमें प्रमुख हैं ब्रिटेन फ्रांस, जर्मनी, बेल्जियम, पुर्तगाल, स्पेन, इटली इत्यादि।