logo
भारतवाणी
bharatavani  
logo
Knowledge through Indian Languages
Bharatavani

Rajaneetivijnan Paribhasha Kosh (English-Hindi)
A B C D E F G H I J K L M N O P Q R S T U V W X Y Z

Please click here to read PDF file Rajaneetivijnan Paribhasha Kosh (English-Hindi)

Plural voting
बहुल मतदान ऐसी निर्वाचन प्रणाली जिसमें मतदाता को एक से अधिक मत देने का अधिकार प्राप्त होता है। जैसे, लोकतंत्र के आरंभिक दिन में कतिपय देशों में सम्पत्तिशालियों अथवा शिक्षितों को एक से अधिक मत देने का अधिकार था। जॉन स्टुअर्ट मिल ने इसका समर्थन किया था। आनुपातिक प्रतिनिधित्व प्रणाली में भी मतदाता एक से अधिक उतने मत दे सकता है जितने उम्मीदवार निर्वाचन में खड़े हों। वह उनके प्रति अपनी वरीयता का संकेत करते हुए `बहुल मतदान` करता है।

Plutocracy
धनिकतंत्र ऐसी शासन प्रणाली जिसमें राजसत्ता पर व्यवहार में, धनी व्यक्तियों का प्रभुत्व हो जाता है।

Pocket veto
पॉकिट वीटो यह शब्द अमेरिकी संवैधानिक शब्दावली का है। इसका अभिप्राय यह है कि यदि राष्ट्रपति निर्धारित समय (10 दिन) के भीतर किसी विधेयक वर हस्ताक्षर न करे और न ही उसे कांग्रेस को लौटाए और इस अवधि में कांग्रेस का अधिवेशन स्थागित हो जाए तो वह विधेयक बिना किसी कार्यवाही के स्वतः निरस्त मान लिया जाएगा। इसे `पॉकिट वीटो` कहते हैं।

Policy of apartheid
प्रजाति-पार्थक्य नीति किसी राज्य की सरकार द्वारा शासक वर्ग के अतिरिक्त अन्य वर्गों के साथ प्रजाति के आधार पर भेदभाव करते हुए उन्हें अलग बस्तियों में बसाने अथवा सार्वजनिक पदों एवं राजनीतिक व्यवस्था में उनके विरुद्ध भेदभाव किए जाने की नीति। बहुधा इस प्रकार की नीति का पालन दक्षिण अफ्रीका में वहाँ की गोरी सरकार के द्वारा वहाँ के मूल निवासियों के विरुद्ध होता रहा है। इसी नीति के विरुद्ध महात्मा गांधी ने इस शताब्दी के आरम्भ में संघर्ष किया था और इस संघर्ष में सत्याग्रह का प्रयोग किया।

Policy of appeasement
तुष्टीकरण की नीति इस प्रकार की नीति राष्ट्रीय अथवा अंतर्राष्ट्रीय, दोनों क्षेत्रों में देखने को मिलती है। राष्ट्रीय क्षेत्र में बहुधा सरकार अल्पसंख्यकों, विशेष वर्गों एवं निहित स्वार्थों का समर्थन पाने के लिए उन्हें अनेक ऐसी सुविधाएँ एवं विशेषाधिकार दे सकती है जो विवेकपूर्ण न हों परन्तु राजनीतिक दृष्टि से सरकार के लिए लाभदायक हों। इनका उद्देश्य सरकार को राजनीतिक समर्थन दिलाना होता है। अंतर्राष्ट्रीय क्षेत्र में दूसरे महायुद्ध से पूर्व ब्रिटेन द्वारा जर्मनी के प्रति जो नीति अपनाई गई थी, उसे तुष्टीकरण की नीति का एक उदाहरण माना जाता है।

Policy of containment
परिरोधन-नीति साम्यवाद के प्रसार को रोकने के लिए अमेरिका तथा अन्य पाश्चात्य राष्ट्रों द्वारा अपनाई गई रूस-विरोधी नीति। इस नीति के अंतर्गत अमेरिका तथा अन्य पाश्चात्य देशों ने, विभिन्न प्रकार के सैनिक गठबंधनों के माध्यम से, इस बात का भरसक प्रयत्न किया कि साम्यवाद का प्रसार न हो और साम्यवादी आक्रमण का परस्पर मिलकर सफलतापूर्वक सामना किया जाए। निर्धन और विकासशील देशों को सैनिक एवं आर्थिक सहायता देना भी इस नीति का अंग था ताकि ये देश साम्यवाद के आकर्षण से मुक्त रहें और किसी साम्यवादी देश के आक्रमण का सामना कर सकें।

Policy of expansion
विस्तारवादी नीति, प्रसारवादी नीति अपना क्षेत्रीय विस्तार करने की नीति। इस नीति का अनुसरण करते हुए विस्तारवादी राज्य कूटनीतिक चालों अथवा युद्ध द्वारा अपने पड़ोसी राज्यों की भूमि को हथियाने का प्रयास करता है। 19वीं शताब्दी में सुदूर स्थित देशों पर यूरोपीय राज्यों द्वारा अपना आधिपत्य जमाने का कार्यक्रम भी इसी नीति के भाग थे। सामाज्यवाद इसी नीति का प्रतिफल है।

Policy of splendid isolation
गौरवपूर्ण पार्थक्य की नीति सन् 1896 में, इंग्लैंड के लार्ड सेलिसबरी द्वारा प्रतिपादित वह नीति जिसका प्रमुख उदे्दश्य ब्रिटेन को यूरोपीय झगड़ों में पृथक रखना था और जिसे राष्ट्रीय हितों की दृष्टि से उत्कृष्ट एवं अत्युत्तम बताया गया।

Polit bureau
पोलित ब्यूरो साम्यवादी दलों के संगठन में एक सर्वोच्च अंग जो प्रायः दल का प्रमुख नियंत्रक निकाय होता है और जिसके सदस्य दल के शीर्षस्थ नेता होते हैं। यही निकाय पार्टी की भूलभूत नीतियों और कार्यक्रमों को निर्धारित करता है।

Political agent ( = resident)
पालिटिकल एजेन्ट, रेज़ीडेंट स्वतंत्रता प्राप्ति से पूर्व भारत में देशी रियासतों, रजवाड़ों आदि में अंग्रेजी सरकार की ओर से वहाँ रहने वाला एक अधिकारी जो सिद्धांततः केवल राज्य का परामर्शदाता होता था परन्तु व्यवहार में राजा के लिए उसका परामर्श मानना अनिवार्य होता था।


logo