logo
भारतवाणी
bharatavani  
logo
Knowledge through Indian Languages
Bharatavani

Rajaneetivijnan Paribhasha Kosh (English-Hindi)
A B C D E F G H I J K L M N O P Q R S T U V W X Y Z

Please click here to read PDF file Rajaneetivijnan Paribhasha Kosh (English-Hindi)

Vote of no confidence
अविश्वास प्रस्ताव वह प्रस्ताव जिसके अनुसार संसद में सरकार के विभिन्न कार्यों एवं रीतियों-नीतियों के लिए सरकार पर दोषारोपण लगाए जाते हैं और जिसके पारित होने पर सरकार को त्यागपत्र देना पड़ता है। भारत में लोकसभा के प्रक्रिया नियमों [नियम 198 (i)] के अनुसार मंत्रिपरिषद के प्रति सामूहिक रूप से अविश्वास प्रस्ताव ग्राहय हो सकता है। यदि कोई सदस्य सदन में मंत्रिपरिषद् के विरुद्ध अविश्वास प्रस्ताव रखने का इच्छुक है तो उसे सदन की बैठक आरंभ होने से पूर्व सचिव को प्रस्ताव की लिखित सूचना देनी पड़ती है। इस प्रकार की सूचना पर प्रश्र काल के तुरंत बाद तथा दिवस की कार्य-सूची पर चर्चा प्रारंभ होने से पहले विचार किया जाता है। यदि अध्यक्ष अविश्वास प्रस्ताव को नियमानुसार ठहराता है तो जिस सदस्य ने प्रस्ताव की सूचना दी हो वह प्रस्ताव प्रस्तुत करने के लिए सदन से अनुमति देने की प्रार्थना करता है। इसके पश्चात अध्यक्ष सदन के सदस्यों से कहता है कि जो सदस्य प्रस्ताव प्रस्तुत करने के पक्ष में हों वे अपने स्थानों पर खड़े हो जाएँ। यदि कम से कम 50 सदस्य अपने स्थानों पर खड़े हो जाएँ तो समझा जाता है कि सदन ने प्रस्ताव रखने की अनुमति दे दी है। जिस दिन सदन प्रस्ताव प्रस्तुत किए जाने की अनुमति देता है, उसके दस दिन के भीतर ही प्रस्ताव पर चर्चा होनी आवश्यक है। सदन के सदस्यों द्वारा प्रस्ताव पर विचार-विमर्श करने के पश्चात् प्रधानमंत्री सरकार पर लगाए गए आरोपों का उत्तर देता है। प्रस्तावक को भी उत्तर देने का अधिकार है। प्रस्ताव पर वाद-विवाद होने के पश्चात् अध्यक्ष प्रस्ताव पर सदन का निर्णय लेता है। अविश्वास प्रस्ताव स्वीकार होने पर मंत्रिमंडल को त्यागपत्र देना पड़ता है।

Voter
मतदाता चुनावों में मतदान का अधिकारी नागरिक। राज्य के विधानमंडल तथा अन्य प्रांतीय एवं स्थानीय विधायी निकायों के प्रतिनिधियों का निर्वाचन करने के लिए मतपत्र द्वारा अपना मत व्यक्त करनेवाला व्यक्ति। वर्तमान काल में अऩेक देशों (भारत, अमेरिका, ब्रिटेन) ने 18 वर्ष की आयु के वयस्क नागरिकों को मताधिकार देना स्वीकार कर लिया है।

Voting
मतदान 1. शासन-व्यवस्था में प्रतिनिधियों को निर्वाचित करने की रीति व प्रक्रिया। 2. किसी प्रस्ताव के पक्ष या विपक्ष में मत व्यक्त करने की प्रक्रिया।

Voting behaviour
मतदान-आचरण निर्वाचनों में मतदाता के आचरण को प्रभावित करने वाले तथ्यों एवं कारकों का अध्ययन एवं विश्लेषण अर्थात् किन बाह्य एवं आंतरिक तथ्यों से मतदाता का निर्णय प्रभावित होता है। इसमें उन नागरिकों का आचरण भी शामिल है जो मतदान करने नहीं जाते हैं।

Vox populi, vox dei
जनता की आवाज़ ईश्वर की आवाज़, जनवाणी प्रभुवाणी आधुनिक युग में लोकतंत्रात्मक शासन-प्रणाली का मुख्य आधार। लोकतंत्रात्मक शासन - प्रणाली में जनता की आवाज़ को ईश्वर की आवाज़ कहा गया है। जिस प्रकार ईश्वरीय आदेश की अवज्ञा नहीं की जा सकती है उसी प्रकार लोकतंत्र में शासन का कोई भी अंग जनता की इच्छा या भावनाओं की अवहेलना नहीं कर सकता और इस प्रकार ईश्वरीय आदेश मानकर उसका सम्मान किया जाना चाहिए।


logo