logo
भारतवाणी
bharatavani  
logo
Knowledge through Indian Languages
Bharatavani

Rajaneetivijnan Paribhasha Kosh (English-Hindi)
A B C D E F G H I J K L M N O P Q R S T U V W X Y Z

Please click here to read PDF file Rajaneetivijnan Paribhasha Kosh (English-Hindi)

Rule adjudication
नियम-अधिनिर्णय निर्मित विधियों के आधार पर विवादों के समाधान हेतु निर्णय करने का कार्य। आमंड के अनुसार यह कार्य केवल औपचारिक न्यायालयों तक सीमित न होकर अन्य संगठनों अथवा निकायों के सक्षम अंगों द्वारा भी संपादित किया जा सकता है। इस प्रकार आमंड की `नियम अधिनिर्णय` की अवधारणा परंपरागत न्याय-प्रशासन से कहीं अधिक व्यापक है।

Rule application
नियम प्रवर्तन आमंड के तीन निर्गत कार्यों में से एक कार्य जो परंपरागत कार्यकारिणी कार्यों के समतुल्य है। नियम प्रवर्तन का कार्य परंपरागत कार्यकारिणी कार्य से केवल इस बात में भिन्न है कि यह केवल औपचारिक कार्यकारिणी अंगों द्वारा न किया जाकर अन्य निकायों एवं अभिकरणों द्वारा भी होता है जिनमें नगरपालिका, निगम, विश्वविद्यालय, श्रमिक संघ आदि उल्लेखनीय हैं।

Rule making
नियम-निर्माण इस पद का प्रयोग आधुनिक व्यवहारवादियों द्वारा किया गया है जिनमें आमंड का नाम प्रसिद्ध है। आमंड ने प्रत्येक राजनीतिक व्यवस्था के कार्यों को दो भागों में बांटा है जिन्हें वह आगत-निर्गत कार्य कहता है। निर्गत कार्य तीन प्रकार के होते हैं :- (1) नियम-निर्माण, (2) नियम-प्रवर्तन, तथा (3) नियमों के आधार पर निर्णय करना। इस प्रकार नियम-निर्माण आमंड के तीन निर्गत कार्यों में से एक है। यह परंपरागत विधि-निर्माण से भिन्न नहीं है। अंतर केवल इतना है कि परंपरागत अवधारणा में विधि-निर्माण का कार्य केवल विधायिका करती थी परंतु व्यवहारवादी अवधारणा में विधि-निर्माण का कार्य केवल औपचारिक संरचनाओं तक सीमित नहीं है बल्कि यह अन्य संरचनाओं जैसे, श्रमिक संघ, नगरपालिकाएँ, सार्वजनिक निगम आदि द्वारा भी संपादित किया जाता है।

Rule of unanimity
सर्वसम्मति का नियम वह नियम जिसके अनुसार किसी समिति, सभा, संघ अथवा इसी प्रकार के निकाय में किसी प्रश्न पर निर्णय करने के लिए यह आवश्यक है कि इसके सभी सदस्य प्रस्तावित निर्णय से सहमत हों। ऐतिहासिक दृष्टि से यह उल्लेखनीय है कि राष्ट्रसंघ की सभा में सर्वसम्मति से निर्णय लिए जाने का नियम था।

Rules of procedure and conduct of business
प्रक्रिया एवं कार्य-संचालन के नियम सभी देशों में विधायिका का यह स्वयंसिद्ध अधिकार है कि वह अपनी कार्य-प्रणली और अनुशासन संबंधी नियम निर्मित कर सकती है। सदन के द्वारा साधारण बहुमत से स्वीकार कर लिए जाने पर, यह नियमावली बाध्यकारी क़ानून के समकक्ष हो जाती है। भारतवर्ष में भी लोक सभा और राज्य सभा तथा राज्यों की विधान सभाएँ कार्य-प्रणाली एवं कार्य-संचालन तथा अनुशासन संबंधी नियम बनाने में स्वतंत्र हैं। इन्हें कार्य संचालन एवं प्रक्रिया संबंधी नियमावली कहा जाता है।

Ruling clique
शासक गुट देखने में आता है कि सभी देशों में सत्ता प्रायः सत्तारूढ़ दल अथवा शासन के शीर्षस्थ नेताओं अथवा शासक के परिवार के वरिष्ठ सदस्यों अथवा निकटवर्ती मित्रों में केंद्रित हो जाती है। सत्तारूढ़ पक्ष की ओर से और उसके नाम में सत्ता का वास्तव में उपयोग करने वाले इस छोटे समूह को `शासक गुट` कहा जाता है। इसे प्रायः आदर की दृष्टि से नहीं देखा जाता।

Run off primary
अंतिम दौर का चुनाव अमेरिकी राष्ट्रपति के निर्वाचन की प्रक्रिया का प्रारंभिक चरण जो केवल 11 दक्षिणी राज्यों में पाया जाता है। राष्ट्रपति पद के लिए नामांकन करने के वास्ते इन राज्यों में विभिन्न दल निर्वाचन कराते हैं जिन्हें प्राइमरी कहा जाता है। यदि निर्वाचन में किसी एक उम्मीदवार को दलीय सदस्यों के आधे से अधिक मत प्राप्त न हों तो मतों की प्राप्ति के अनुसार पहले दो उम्मीदवारों के बीच पुनः मतदान होता है जिसे अंतिम दौर का या निर्णायक चुनाव कहते हैं।

Rural localself government
ग्रामीण स्थानीय स्वशासन ग्रामीण क्षेत्रों के लिए स्थानीय जनता द्वारा निर्वाचित संस्थाओं के माध्यम से स्थानीय शासन-व्यवस्था। भारत में ग्रामीण स्थानीय स्वशासन की संस्थाओं का संगठन तीन स्तरों पर किया गया है :- (1) ग्राम पंचायत, (2) क्षेत्र समिति अथवा पंचायत समिति, तथा (3) जिला परिषद्। इस प्रकार की त्रिस्तरीय ग्रामीण स्थानीय स्वशासन की व्यवस्था की सिफारिश बलवंत समिति को हटाकर द्विस्तरीय व्यवस्था को अपनाया जा रहा है।

Sabotage
तोड़फोड़, अंतर्ध्वंस किसी योजना, व्यवस्था अथवा कार्यक्रम को क्षति पहुँचाने, अस्त-व्यस्त करने अथवा विशेष रूप से युद्धकाल या राष्ट्रीय आपात-स्थिति में किसी राष्ट्र या उसकी सरकार को निर्बल बनाने तथा उसके नियमित व कुशल संचालन में व्यवधान डालने के उद्देश्य से संपत्ति का विद्वेषपूर्ण एवं दुर्भावनापूर्ण विध्वंस अथवा उसे अत्यधिक क्षति पहुँचाने का कार्य।

Saboteur
तोड़फोड़ करने वाला, अंतर्ध्वंसक किसी योजना, व्यवस्था अथवा कार्यक्रम को क्षति पहुँचाने, आर्थिक पद्धति का विध्वंस करने अथवा युद्धकाल या राष्ट्रीय आपात-स्थिति में किसी राष्ट्र या उसकी सरकार को निर्बल बनाने तथा उसके नियमित एवं कुशल संचालन में व्यवधान डालने के उद्देश्य से संपत्ति का विद्वेषपूर्ण या दुर्भावनापूर्ण विध्वंस करने वाला अथवा उसे अत्यधिक आघात पहुँचाने वाला।


logo