logo
भारतवाणी
bharatavani  
logo
Knowledge through Indian Languages
Bharatavani

Rajaneetivijnan Paribhasha Kosh (English-Hindi)
A B C D E F G H I J K L M N O P Q R S T U V W X Y Z

Please click here to read PDF file Rajaneetivijnan Paribhasha Kosh (English-Hindi)

Res communis
सामुदायिक संपदा वह संपत्ति, संपदा अथवा संसाधन जिस पर किसी एक राष्ट्र का क्षेत्राधिकार न हो और न ही कोई एक राष्ट्र अपनी संप्रभुता अथवा क्षेत्राधिकार का प्रसार उस पर कर सके और जो पूरे विश्व-समुदाय की संपदा अथवा धरोहर मानी जाए और जिसका उपयोग सभी राष्ट्र समान आधार पर कर सकें परंतु कोई एक राष्ट्र उसका स्वामित्वहरण न कर सके। सामुदायिक संपदा के उदाहरण हैं राष्ट्रीय क्षेत्राधिकार से परे गहरे समुद्र, अंतरिक्ष, चंद्रमा आदि।

Reserved constituency
आरक्षित निर्वाचन क्षेत्र वह निर्वाचन क्षेत्र जो किसी वर्ग, जाति अथवा समुदाय विशेष के लिए आरक्षित हो अर्थात् वहाँ से इस विशिष्ट वर्ग, जाति अथवा समुदाय का सदस्य ही उम्मीदवार हो सकता हो यद्यपि मतदान का अधिकार निर्वाचन-क्षेत्र की समग्र सक्षम जनता को होता है। भारत में लोकसभा तथा विधान सभाओं में अनुसूचित जातियों तथा जनजातियों के स्थान आरक्षित होने के कारण कुछ निर्वाचन-क्षेत्र इनके लिए आरक्षित कर दिए गए हैं जिन्हें `आरक्षित निर्वाचन क्षेत्र` कहा जाता है।

Resident
रेज़ीडेन्ट ब्रिटिश शासन काल में, उन देशी रियासतों में, जो ब्रिटिश सरकार के साथ `सब्सिडियरी एलायंस` करना स्वीकार करती थी, वह अधिकारी जो ऐसी रियासत में वायसराय के प्रतिनिधि के रूप में नियुक्त किया जाता था। उस अधिकारी को `रेज़ीडेन्ट` तथा उसके निवास को रेज़िडेन्सी कहते थे। वास्तव में रेज़ीडेन्ट का पद राजसत्ता का केन्द्र था।

Residuary powers
अवशिष्ट शक्तियाँ, अवशिष्ट अधिकार संघात्मक संविधानों में सूचीबद्ध अधिकारों के अतिरिक्त शेष अधिकार। भारतवर्ष में संघ सूची, राज्य सूची और समवर्ती सूची में उल्लिखित अधिकारों के अतिरिक्त यदि कोई अधिकार सूचीबद्ध होने से रह गया हो तो वह `अवशिष्ट अधिकार` की परिधि में आएगा और उस पर क़ानून बनाने का अधिकार संसद को होगा। अमेरिका में अवशिष्ट अधिकार राज्यों के क्षेत्राधिकार में आते हैं।

Resistance groups
प्रतिरोधी समूह किसी राज्य में समय-समय पर, विशेषकर विदेशी आधिपत्यकाल में, अनौपचारिक रूप से संगठित होने वाले तत्कालीन सत्ता एवं शासन विरोधी समूह जिनमें निम्नलिखित लक्षण पाए जाते हैं :- 1. ये संगठित होते हैं, 2. इनका निश्चित नेतृत्व होता है, 3. ये प्रायः सशस्त्र होते हैं, तथा 4. कभी-कभी ये समूह गुरिल्ला तरीकों को भी अपनाते हैं। इनके उदाहरण हैं फ्रांस में नाज़ी आधिपत्य के दौरान माकी (Maquis), यूगोस्लाविया में टीटो के नेतृत्व में पार्टीजां और वियतनाम युद्ध के प्रारंभिक काल में फ्रेंच और अमेरिकी उपस्थिति के विरुद्ध वियतकांग।

Responsible government
उत्तरदायी शासन वह शासन-पद्धति जिसके अंतर्गत कार्यपालिका अपने कार्यों तथा नीतियों के लिए राज्य की जनता द्वारा निर्वाचित विधान मंडल के प्रति उत्तरदायी होती है। विधान मंडल में बहुमत न रहने पर कार्यपालिका अपदस्थ हो जाती है।

Responsibility of state
राज्य का दायित्व अंतर्राष्ट्रीय विधि के अनुसार किसी राज्य में रहनेवाले विदेशी नागरिकों की जान-माल की सुरक्षा का दायित्व स्थानीय सरकार पर होता है। किसी विदेशी को शारीरिक क्षति पहुँचाए जाने पर या स्थानीय सरकार द्वारा उसके प्रति अन्याय किए जाने पर अथवा उसकी संपत्ति को हानि पहुँचने पर, स्थानीय सरकार का कर्त्तव्य है कि उसकी क्षतिपूर्ति करे। क्षतिपूर्ति होने या न्याय न मिलने पर उस विदेशी को अपनी सरकार से हस्तक्षेप की माँग करने का अधिकार है। ऐसी स्थिति में यह विवाद अंतर्राष्ट्रीय विवाद बन सकता है। इस विवाद का आधार है राज्य का अंतर्राष्ट्रीय दायित्व।

Restricted sufferage
सीमित मताधिकार यह वयस्क अथवा सार्वजनिक मताधिकार का विलोम है। इसका अर्थ है कि मताधिकार सभी वयस्कों को प्राप्त न होकर सीमित है। सीमित करने के कई आधार हो सकते हैं जैसे, लिंग, शिक्षा, संपत्ति आदि। संयुक्त राज्य अमेरिका के कुछ राज्यों में मताधिकार पाने के लिए संबंधित राज्य में निर्धारित अवधि तक निवास करना भी आवश्यक होता है। जॉन स्टुअर्ट मिल ने इस बात का समर्थन किया था कि मताधिकार शिक्षितों तक ही सीमित होना चाहिए। ब्रिटेन में 1918 में पहली बार महिलाओं को मताधिकार प्राप्त हुआ लेकिन इसके लिए आयु सीमा 30 वर्ष निर्धारित की गई। 1928 में जाकर इग्लैंड में वयस्क मताधिकार स्थापित हुआ। भारत में 1946 के चुनाव तक केवल 14 प्रतिशत जनता को मताधिकार प्राप्त था और मताधिकार के आधार शिक्षा, संपत्ति एवं अनेक विशिष्ट हित थे। अतः भारत के संविधान द्वारा वयस्क मताधिकार प्रदान किया जाना एक साहसिक राजनीतिक कदम था।

Retributive justice
प्रतिकारी न्याय ऐसी न्याय व्यवस्था जिसका आधार `आँख के बदले आँख` और `हाथ के बदले हाथ` हो अर्थात् जो प्रतिशोध के सिद्धांत पर आधारित हो।

Revealed law
इलहामी क़ानून, स्वप्रकाशित विधि शाश्वत विधि का वह भाग जो ईश्वर के पैग़म्बर या मसीहा द्वारा प्रगट किया गया हो। जैसे, मुसलमानों के ग्रंथ कुरान और ईसाइयों के दस समादेशों तथा यहूदियों के ओल्ड टेस्टामेन्ट में प्रस्फुटित विधि के नियम।


logo