समकक्षों में प्रथम यह वाक्य संसदीय शासन व्यवस्था में प्रधान मंत्री की स्थिति को व्यक्त करने के लिए प्रयुक्त किया गया था। इस व्यवस्था में मंत्रिमंडल देश की वास्तविक कार्यकारिणी परिषद् होती है जिसका मुखिया प्रधान मंत्री होता है। मंत्रिमंडल का निर्माण और अन्त वस्तुतः प्रधान मंत्री ही करता है। अतः प्रधान मंत्री सहित सब मंत्री समान होते हुए भी, प्रधान मंत्री की स्थिति विशेष होती है। इस विशेष स्थिति को दर्शाने के लिए ब्रिटेन में `समकक्षों में प्रथम` वाक्य का प्रयोग किया गया था। वैसे व्यवहार में स्थिति बदल गई है और प्रधान मंत्री का पद अब वस्तुतः सर्वोच्च हो गया है।
Prisoners of war
युद्धबंदी युद्ध में एक युद्धकारी द्वारा दूसरे युद्धकारी की सेना के बंदी बनाए गए अधिकारी अथवा सैनिक। इनके प्रति 1949 के चतुर्थ जेनेवा कन्वेन्शन के अनुसार व्यवहार किया जाना चाहिए।
Private international law ( = conflict of laws)
वैयक्तिक अंतर्राष्ट्रीय क़ानून, किसी राज्य में उत्पन्न ऐसे विवाद जिनका संबंध राज्यों से न होकर व्यक्तियों से हो और विवाद से संबंधित इन व्यक्तियों के राष्ट्रीय या राजनीतिक इकाइयों के क़ानूनों में भिन्नता पाई जाती हो। ऐसी स्थितियों में लागू होने वाले नियमों के समूह को `वैयक्तिक अंतर्राष्ट्रीय विधि` कहते हैं।
Private members' bills
वैयक्तिक विधेयक, गैर सरकारी विधेयक वह विधेयक जो मंत्रि परिषद् के सदस्यों को छोड़कर सदन के सत्तारूढ़ अथवा विरोधी पक्ष अथवा निर्दलीय, किसी भी सदस्य द्वारा प्रस्तावित किया जाता है। व र्तमान समय में कुछ ही गैर सरकारी विधेयक क़ानून बनने में सफल हो पाते हैं। भारतीय संसद में ऐसे विधेयक शुक्रवार को ही प्रस्तुत किए जा सकते हैं और नियम यह है कि एक पखवाड़े में एक शुक्रवार को गैर सरकारी प्रस्तावों तथा दूसरे शुक्रवार को गैर सरकारी विधेयकों पर विचार किया जाता है।
Privilege motion
विशेषाधिकार प्रस्ताव सदन अथवा उसके किसी सदस्य के विशेषाधिकारों के हनन अथवा उसकी मानहानि का प्रश्न उठाए जाने के लिए सदन में प्रस्तुत किया गया प्रस्ताव।
Privileges committee
विशेषाधिकार समिति संसद अथवा विधान सभाओं की समितियों में से एक समिति जिसका गठन स्पीकर द्वारा किया जाता है। इसका मुख्य कार्य सदन अथवा उसके किसी सदस्य के विशेषाधिकारों का किसी व्यक्ति या संस्था द्वारा हनन किए जाने पर उसकी जाँच करना होता है और इसके प्रतिवेदन के आधार पर सदन आवश्यक कार्रवाई करने के लिए निर्णय लेता है।
Prize
नौजित माल समुद्री युद्ध में नौसैनिक बेड़े द्वारा हस्तगत की गई शत्रु-संपत्ति जैसे, जलपोत, युद्ध सामग्री तथा अन्य माल। तटस्थ जलपोतों से पकड़े गए विनिषिद्ध माल को भी `नौजित माल` कहते हैं। अब वायुयानों से पकड़े गए शत्रु माल को भी इसी श्रेणी में रखा जाता है।
Public international law
सार्वजनिक अंतर्राष्ट्रीय क़ानून सार्वजनिक अंतर्राष्ट्रीय विधि प्रभुतासंपन्न राज्यों के पारस्परिक संबंधों में लागू होनेवाली नियमावली। दे. International law.
Purge
हिंसात्मक दलशोधन राजनीतिक दल या आंदोलन विशेष से अविश्वसनीय अथवा अवांछनीय तत्वों को दूर करने के लिए उन्हें सामूहिक हत्याकांड या वध द्वारा हटाना या सदस्यता से निष्कासित कर देना।
Quadruple Alliance
चतुर्राष्ट्र मैत्री, चतुर्राष्ट्र सहबंध 1. 2 अगस्त, 1718 को स्पेन के विरुद्ध इंग्लैंड, फ्रांस, नीदरलैंड (हालैंड) तथा ऑस्ट्रिया द्वारा हस्ताक्षरित मैत्री संधि। इसका उद्देश्य स्पेन द्वारा इटली पर आधिपत्य स्थापित करने के प्रत्यत्नों को रोकना और उन्हें विफल बनाना था। 2. 20 नवम्बर, 1815 को पेरिस की द्वितीय संधि के साथ-साथ चार राष्ट्रों के मध्य संपन्न हुई मैत्री की संधि। इसमें आस्ट्रिया, ग्रेट ब्रिटेन, प्रशिया तथा रूस सम्मिलित थे और बाद में कुछ अन्य देश सम्मिलित हो गए। वाटरलू के स्थान पर, ड्यूक ऑफ विलिंग्टन के नेतृत्व में, इन राष्ट्रों के समन्वित और समेकित प्रयत्नों के फलस्वरूप नैपोलियन को पदच्युत कर दिया गया। इस संधि का उद्देश्य पेरिस तथा वियना की संधियों के निर्णयों का अनुपालन कराना तथा फ्रांसीसी सैन्यवाद की रोकथाम कराना था। इसके अंतर्गत यह भी निर्णय किया गया था कि संशय संबंधी समस्याओं और पारस्परिक हितों के संबंध में विचार-विमर्श करने के लिए समय- समय पर चारों राष्ट्र एक-दूसरे से संपर्क स्थापित करेंगे। आगे चलकर इस गठबंधन ने राजतंत्र के विरुद्ध हुई क्रांतियों का दमन करने के लिए सैनिक हस्तक्षेप किया परन्तु स्पेन के उपनिवेशों के स्वाधीनता संग्राम के प्रश्न पर ब्रिटेन ने किसी सैनिक कार्यवाही का विरोध किया और गठबंधन में दरारें पड़ने लगीं। 3. सन् 1834 में ग्रेट ब्रिटेन, फ्रांस, स्पेन तथा पुर्तगाल द्वारा स्थापित मैत्री। ग्रेट ब्रिटेन तथा फ्रांस ने, पुर्तगाल में माइगल के विरुद्ध मैरिया तथा स्पेन में, कारलौस के विरुद्ध इसाबेला के राजसिहासन पर दावे का समर्थन किया था।