logo
भारतवाणी
bharatavani  
logo
Knowledge through Indian Languages
Bharatavani

Shiksha Paribhasha Kosh Part-2 (English-Hindi)
A B C D E F G H I J K L M N O P Q R S T U V W X Y Z

Please click here to read PDF file Shiksha Paribhasha Kosh Part-2 (English-Hindi)

Phase of concrete operation
मूर्त संक्रिया चरण
बालक में संख्या, दिक्काल आदि संप्रत्ययों के विकास से संबंधित पियाजे के सिद्धांतों के चार चरणों में से तीसरा चरण जो प्रायः सात से ग्यारह वर्ष की आयु तक अपेक्षित है। इस चरण में समंजन तथा आत्मसातकरण के बीच संतुलन हो जाता है जो चिंतन में विपर्यता के विस्तृत प्रयोग द्वारा प्रकट होता है। परंतु, विपर्यासनीयता के दोनों रूप विपरिवर्तन तथा अन्योन्यता एक समग्र में एकीकृत नहीं होते। इस अवस्था में विचारों की सापेक्षता की समझ का विकास होने से सामाजिक क्षमता बढ़ जाती है।

Phase of formal operation
नियमनिष्ट संक्रिया चरण
पियाजे के संज्ञानात्मक विकास सिद्धांत का चौथा और अंतिम चरण जो सामान्यतः ग्यारह वर्ष से आगे किशोरावस्था तक माना गया है। इस चरण में किशोर का चिंतन अधिक सुसंगत होता है। विपर्यासनीयता के दोनों रूप चार रूपांतरणों (पहचान, विपर्यता, अन्योन्यता, सहसंबंध) के एक समूह में एकीकृत हो जाते हैं।

Phonetic aptitude
स्वनिक अभिक्षमता
1. विभिन्न शब्दों की ध्वनियों के परस्पर मेल को समझने की योग्यता। 2. ध्वनि-मेल के आधार पर उसी प्रकार के अन्य शब्दों का उच्चारण कर पाने की योग्यता।

Phonetic inventory
स्वन सूची
1. ऐसे स्वन तत्वों की सूची जो पाठक को ज्ञात अथवा अज्ञात हों। 2. विद्यार्थियों की स्वन तत्वों संबंधित जानकारी प्राप्त करने की सूची। 3. पठन-कक्षा, प्रयोगशाला या निदानशाला में प्रयुक्त की जानेवाली वह वैज्ञानिक युक्ति जिससे किसी व्यक्ति की स्वन संबंधी कमी को जाना जाता है।

Phono audiometer
फोनो श्रव्यतामापी
श्रवण दोष मापने के लिए प्रयुक्त एक यंत्र। इसका प्रयोग लगभग 40 व्यक्तियों तक के समूह पर किया जा सकता है। इस यंत्र पर विशिष्ट डिस्क रिकार्डिंग बजाई जाती है जिसमें दो या तीन अंकों की संख्या को ऊंची से नीची ध्वनि में बार-बार दोहराया जाता है।

Physical training
शारीरिक प्रशिक्षण
शारीरिक शिक्षा का एक कार्यक्रम जिसमें शारीरिक वृद्धि एवं विकास में संवर्धन करने के लिए व्यायाम तथा अन्य शारीरिक क्रियाकलाप जैसे खेलकूद आदि सम्मिलित हैं।

Physiological refractory period
शारीरिक अनुक्रियाहीन काल
1. कौशल-अधिगम में दो विरोधी संकेतकों को एक के बाद दिए जाने पर केंद्रीय प्रक्रिया के अभिग्रहण में होनेवाला विलंब। 2. किसी तंत्रिका का पेशी के उद्दीपन के बाद का वह थोड़ा-सा समय जिसमें अन्य उद्दीपन के प्रति अनुक्रिया नहीं हो पाती।

Pitch discrimination test
तारत्व भेदबोध परीक्षण
एक प्रकार का परीक्षण जिसमें स्वरमान में भेद के प्रत्यक्ष ज्ञान की योग्यता को निर्धारित किया जाता है। सीशोर परीक्षण इसका एक उदाहरण है जिसमें स्वरों के रिकार्डों को परीक्षण सामग्री के रूप में प्रयोग किया जाता है। इससे प्रयोग विषय की दो रिकार्डों के बीच स्वर अंतर को परखने की क्षपेता की जांच की जाती है।

Placement
नौकरी दिलाना, स्थानन
1. सार्वजनिक रोजगार अभिकरण अथवा किसी शिक्षा संस्था द्वारा युवाओं को अंशकालीन अथवा पूर्णकालीन नौकरी प्राप्त करने में सहायता करनेवाली व्यवस्था। 2. विद्यालय में छात्रों की योग्यतानुसार उन्हें विशेष श्रेणी अथवा विशेष पाठ्यक्रम में रखने की व्यवस्था।

Placement test
स्थानन परीक्षण
1. किसी व्यवसाय अथवा नौकरी के लिए छात्रों की व्यवसाय उपयुक्तता निर्धारण करने के लिए एक परीक्षण। 2. किसी विषय अथवा कौशल में योग्यता अथवा उपलब्धि के निर्धारण के लिए एक परीक्षण।


logo