अध्यापन के संदर्भ में अध्यापकों तथा छात्र अध्यापकों द्वारा अपनायी जाने वाली एक प्रक्रिया। इसमें अध्यापन से पूर्व परीक्षण किया जाता है, तत्पश्चात् विषयवस्तु को पढ़ाया जाता है, फिर परीक्षण द्वारा जांच की जाती है कि विद्यार्थी ने विषय वस्तु को कितना सीखा है। प्राप्त परिणामों के आधार पर शिक्षण प्रविधि और शिक्षण सामग्री में सुधार किया जाता है और फिर पढ़ाया जाता है। पढ़ाने और परीक्षण करने का यह क्रम तब तक चलता रहता है जब तक विषयवस्तु पर पूरा अधिकार न प्राप्त कर लिया जाए।
Material bank
सामग्री भंडार
विद्यार्थी की विभिन्न संज्ञानात्मक, अभिवृत्ति संबंधी तथा व्यक्तिगत प्राप्तियों के मूल्यांकन से संबंधित प्रशिक्षणात्मक सामग्री तथा निकष परीक्षणों का संग्रह। इसमें विविध पाठ्यचर्या कार्यक्रमों की इकाईयां भी सम्मिलित की जा सकती हैं।
Mathematical fallacy
गणितीय तर्कदोष
अप्रामाणिक परिकलन के आधार पर प्राप्त असत्य निगमन, अतार्किक परिणाम अथवा छद्म प्राक्कल्पना।
Mathetic
मैथेटिक
1. ग्रीक शब्द मैथेसिस (सीखना) से व्युत्पन्न इस पद का आशय छात्र के अधिगमकालीन व्यवहार के विज्ञान से है। इसका उपयोग अध्यापन से अधिगम की ओर संक्रमण द्योतित करने के लिए किया जाता है।
2. यह प्रोग्रामित अधिगम में प्रयुक्त एक महत्वपूर्ण विधि है।
Meaningful verbal learning
अर्थपूर्ण शाब्दिक अधिगम
इस अध्यापन अधिगम परिस्थिति में मुख्य भूमिका अध्यापक की होती है जो व्याख्यान द्वारा स्व-निश्चित संप्रत्यय संचरना के अनुरूप शिक्षार्थी को ज्ञान प्रदान करता है। शिक्षार्थी की भूमिका केवल संज्ञानात्मक संरचना के आधार पर विचार तथा सूचना अर्थपूर्ण ढंग से प्राप्त करने तक सीमित होती है। इसका ध्येय शिक्षार्थी द्वारा अधिगम सामग्री को आत्मसात करना होता है।
Mediation model
मध्यस्थता प्रतिरूप
युग्मित सहचर अधिगम के संबंध में न्यूमन द्वारा प्रतिपादित प्रतिरूप जिसका प्रोग्रामित अधिगम में प्रयोग किया जाता है। इसका आधार हल का वह संप्रत्यय है जिसमें उसने आदत-संकुल को दो प्रकार की सोपानिक क्रियाओं में बांटा है। एक अभिसारी जिसमें अनेक उद्दीपन प्रतिरूपों से एक ही मध्यस्थ प्रत्युत्तर मिलता है, दूसरा अपसारी जिसमें एक उद्दीपन से अनेक मध्यस्थ प्रत्युत्तर मिलते हैं।
Meier aesthetic perception test
मायर सौंदर्यपरक प्रत्यक्षण परीक्षण
मायर द्वारा निर्मित एक परीक्षण जिसमें परीक्षार्थी के सामने एक कलाकृति से संबंधित चार कथन प्रस्तुत किए जाते हैं। उसे अपनी पसंद के अनुसार इनका कोटि-क्रम निर्धारित करना होता है।
Mental deficiency
मानसिक न्यूनता, मानसिक हीनता
अवसामान्य बौद्धिक विकास के सभी स्तरों का द्योतक पद जिसमें मूढ़ता, बालिशता, जड़बुद्धि और सीमांत न्यूनता सभी शामिल हैं।
Mental health hygiene
मानसिक स्वास्थ्य विज्ञान
ज्ञान की वह शाखा जिसके निम्नलिखित उद्देश्य हैं -
1. व्यक्ति में जीवन के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित करना जिससे वह जीवन में स्वयं आनंद अनुभव करे और अपने परिवेश में भी आनंद का संचार करे।
2. व्यक्ति को कुसमायोजन से बचाने के लिए उचित पर्यावरणी स्थितियों, संवेदनात्मक अभिवृत्तियों तथा रचनात्मक चिंतनवृत्ति का विकास।
3. मानसिक स्वास्थ्य के प्रचार तथा मानसिक विकारों की रोकथाम करने के लिए सिद्धांतों तथा व्यवहारों का अध्ययन।
4. विद्यालय में बच्चों के विकास के लिए उत्तम मानसिक तथा संवेगात्मक परिवेश के निर्माण तथा संवर्धन में अध्यापकों तथा विद्यालयों की भूमिका के प्रति जागरूकता उत्पन्न करना।
Mentor
उद्बोधक
कौशल और बोद्धिक विकास में वृद्धि के उद्देश्य से परामर्श देनेवाला एक अध्यापक। वह एक प्रायोजक की भूमिका निभाते हुए नवयुवकों का व्यवसायों में प्रवेश तथा प्रगति को प्रभावित कर सकता है, उन्हें व्यवसायों से संबंधित मूल्यों, रीतिरिवाजों, संसाधनों तथा अन्य व्यक्तियों से परिचित करवा सकता है तनावपूर्ण स्थिति में वह उन्हें परामर्श तथा नैतिक समर्थन देता है।